मुंबई: कुर्ला में निर्माणाधीन साइट पर क्रेन गिरी, रेलवे लाइन और घरों पर गिरा हिस्सा, 11 लोग घायल
मुंबई के कुर्ला इलाके में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक निर्माणाधीन साइट पर काम कर रही क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर आ गिरी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस हादसे में क्रेन…
मुंबई के कुर्ला इलाके में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक निर्माणाधीन साइट पर काम कर रही क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर आ गिरी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस हादसे में क्रेन का एक हिस्सा पास के दो मकानों और मुंबई लोकल की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तारों पर जा गिरा, जिसके चलते 11 लोग घायल हो गए।
यह घटना तब हुई जब एक पोकलेन मशीन को क्रेन की मदद से इमारत के ऊपरी हिस्से पर पहुंचाया जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव का काम शुरू कर दिया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रेल यातायात पर असर नहीं, MMRDA ने ली जिम्मेदारी
सेंट्रल रेलवे ने बताया कि यह क्रेन मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) की थी और यह कुर्ला-ट्रॉम्बे के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट पर गिरी। रेलवे के अनुसार, यह ट्रैक मुख्य रूप से मालगाड़ियों के लिए इस्तेमाल होता है, इसलिए यात्री ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा है। एमएमआरडीए ने इस हादसे की पूरी जिम्मेदारी ली है।
घायलों की हालत स्थिर
मुंबई पुलिस के डीसीपी गणेश शिंदे ने जानकारी दी कि उन्होंने अस्पताल जाकर 9 घायलों से मुलाकात की है और सभी की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि कुछ अन्य घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से क्रेन को हटाने का काम जारी है।
इनपुट: IANS



