रूस G20 में शामिल होने का इच्छुक, ट्रंप बोले- पुतिन आए तो स्वागत करूंगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि रूस ने इस साल अमेरिका में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने कहा…
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि रूस ने इस साल अमेरिका में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने कहा कि यदि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इसमें हिस्सा लेते हैं तो वह उनका स्वागत करेंगे।
व्हाइट हाउस से निकलते समय पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने यह जानकारी दी। जब उनसे पूछा गया कि क्या पुतिन G20 बैठक में शामिल हो रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, "नहीं, उन्होंने सिर्फ शामिल होने इच्छा जताई है। मुझे नहीं पता कि पुतिन खुद आएंगे या नहीं लेकिन अगर वे आते हैं तो मैं जरूर उनका स्वागत करूंगा।" ईंधन की कीमतों पर एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने खुद ही G20 का जिक्र किया और बताया कि रूस के प्रतिनिधि पहले भी इन बैठकों में शामिल होते रहे हैं।
अमेरिका में G20 बैठकें
इस वर्ष G20 की अध्यक्षता अमेरिका के पास है। इसी क्रम में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 30 और 31 अक्टूबर को अटलांटा, जॉर्जिया में G20 विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेंगे। इसके बाद, 14 और 15 दिसंबर को फ्लोरिडा के मियामी स्थित ट्रंप नेशनल डोरल में G20 नेताओं का मुख्य शिखर सम्मेलन आयोजित होगा, जिसकी मेजबानी राष्ट्रपति ट्रंप करेंगे।
यूक्रेन युद्ध और परमाणु समझौता
बातचीत के दौरान ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर जोर दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भूल गए हैं कि युद्ध की शुरुआत पुतिन ने की थी, तो उन्होंने कहा, "देखिए, मुझे सभी बातें पता हैं... मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह युद्ध खत्म होना चाहिए।" उन्होंने दावा किया कि हर महीने औसतन 25,000 सैनिक मारे जा रहे हैं और वह दोनों पक्षों से बात कर रहे हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि वह चीन और रूस, दोनों के साथ एक परमाणु समझौता करना चाहते हैं, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें नहीं लगता कि यह इस साल हो पाएगा।
इनपुट: IANS



