मुंबई एयरपोर्ट पर फर्ज़ी पासपोर्ट के साथ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ़्तार, कोलंबो से लौट रहा था
फर्ज़ी भारतीय दस्तावेज़ों के आधार पर विदेश यात्रा कर रहे एक 36 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ़्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी…
फर्ज़ी भारतीय दस्तावेज़ों के आधार पर विदेश यात्रा कर रहे एक 36 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ़्तार कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान बाबू बिस्वास उर्फ तपस बिस्वास के रूप में हुई है और उसे तब पकड़ा गया जब वह कोलंबो से मुंबई लौटा था।
मुंबई पुलिस ने बताया कि आरोपी 2016 में अपने परिवार के साथ अवैध रूप से बांग्लादेश से भारत में दाखिल हुआ था। वह कोलकाता के नादिया जिले में एक मज़दूर के तौर पर काम कर रहा था। पश्चिम बंगाल में रहते हुए ही उसने एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से पैन कार्ड और आधार कार्ड जैसे ज़रूरी भारतीय दस्तावेज़ बनवा लिए।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
अधिकारियों के अनुसार, बिस्वास ने इन्हीं दस्तावेज़ों के आधार पर 2019 में कोलकाता के पासपोर्ट कार्यालय से भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिया। इसी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर उसने 2023 में दो बार मालदीव की यात्रा की और हाल ही में कोलंबो भी गया था। कोलंबो से वापसी पर जब वह मुंबई हवाई अड्डे के इमिग्रेशन काउंटर पर स्टांप लगवाने पहुँचा, तो सहायक इमिग्रेशन अधिकारी को उसके पासपोर्ट पर शक हुआ।
जब अधिकारी ने उससे सवाल किए, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे वरिष्ठ अधिकारियों के पास ले जाया गया, जहाँ आगे की पूछताछ में यह साफ़ हो गया कि वह बांग्लादेश के फरीदपुर का रहने वाला है।
व्हाट्सएप कॉल से हुई पहचान की पुष्टि
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी को व्हाट्सएप पर कॉल करके बांग्लादेशी नागरिकता के प्रमाण के तौर पर कुछ दस्तावेज़ भेजने को कहा। इसके बाद उसे अपने पिता बाबू विश्वास के नाम पर बांग्लादेश में पंजीकृत ज़मीन के दस्तावेज़ों की फोटोकॉपी मिली, जिससे उसकी असलियत की पूरी तरह पुष्टि हो गई।
इनपुट: IANS



