मुंबई: 15 नवंबर को रेलवे का मेगा ब्लॉक, लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर पड़ेगा असर
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की सेवाएं बुधवार, 15 नवंबर को प्रभावित रहेंगी। मध्य रेलवे ने विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए अपने मुंबई मंडल में मेगा ब्लॉक की घोषणा की है…
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों की सेवाएं बुधवार, 15 नवंबर को प्रभावित रहेंगी। मध्य रेलवे ने विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए अपने मुंबई मंडल में मेगा ब्लॉक की घोषणा की है। इस वजह से स्लो, हार्बर और ट्रांस-हार्बर लाइनों पर कई घंटों तक ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ेगा, जिससे यात्रियों को असुविधा हो सकती है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, रेलवे ने यात्रियों से इस दौरान सहयोग करने की अपील की है।
रेलवे ने यह भी बताया कि उसके कर्मचारी त्योहारों के मौसम में भी लगातार काम कर रहे हैं। दीपावली के दौरान ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के बाद अब वे छठ पूजा में भी यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जुटे रहेंगे। रेलवे के अनुसार, यह रखरखाव कार्य बुनियादी ढांचे और सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है।
ठाणे-कल्याण रूट पर ये होगा बदलाव
मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर, ठाणे और कल्याण स्टेशनों के बीच अप और डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक ब्लॉक रहेगा।
- सुबह 10:43 बजे से दोपहर 3:53 बजे के बीच मुलुंड से चलने वाली डाउन स्लो सेवाओं को मुलुंड-कल्याण के बीच फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ये ट्रेनें ठाणे, कलवा, मुंब्रा, दिवा और डोंबिवली में रुकेंगी और अपने गंतव्य पर 10 मिनट की देरी से पहुंचेंगी।
- सुबह 10:36 बजे से दोपहर 3:51 बजे तक कल्याण से चलने वाली अप सेवाओं को कल्याण-मुलुंड के बीच अप फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। डोंबिवली, दिवा, मुंब्रा, कलवा और ठाणे में स्टॉप लेने के बाद ये ट्रेनें मुलुंड में वापस स्लो लाइन पर आ जाएंगी। ये भी 10 मिनट की देरी से चलेंगी।
- इसके अतिरिक्त, सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच CSMT मुंबई से चलने या पहुंचने वाली सभी अप और डाउन स्लो लाइन की ट्रेनें भी 10 मिनट की देरी से चलेंगी।
हार्बर और ट्रांस-हार्बर लाइन पर रद्दीकरण
पनवेल और वाशी स्टेशनों के बीच अप और डाउन हार्बर लाइन पर सुबह 11:05 बजे से शाम 4:05 बजे तक ट्रेनों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, इस दौरान पोर्ट लाइन की सेवाएं चालू रहेंगी।
- हार्बर लाइन: पनवेल से CSMT जाने वाली सुबह 10:33 से दोपहर 3:49 बजे की अप सेवाएं और CSMT से बेलापुर/पनवेल जाने वाली सुबह 9:45 से दोपहर 3:12 बजे की डाउन सेवाएं रद्द रहेंगी।
- ट्रांस-हार्बर लाइन: पनवेल से ठाणे के लिए सुबह 11:02 से दोपहर 3:53 बजे की अप सेवाएं और ठाणे से पनवेल के लिए सुबह 10:01 से दोपहर 3:20 बजे की डाउन सेवाएं भी रद्द कर दी गई हैं।
वैकल्पिक व्यवस्था: ब्लॉक की अवधि में यात्रियों की सुविधा के लिए CSMT मुंबई और वाशी सेक्शन के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। साथ ही, ठाणे-वाशी/नेरुल स्टेशनों के बीच भी ट्रांस-हार्बर लाइन की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
इनपुट: IANS



