दोहरे हत्याकांड का आरोपी अमृतपाल सिंह मोल्दोवा से प्रत्यर्पित, पंजाब पुलिस की टीम भारत लाई
हत्या, धोखाधड़ी और नारकोटिक्स समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अमृतपाल सिंह उर्फ गुरपाल सिंह को आखिरकार भारत वापस ले आया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एक सफल प्रत्यर्पण ऑपरेशन के बाद…
हत्या, धोखाधड़ी और नारकोटिक्स समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अमृतपाल सिंह उर्फ गुरपाल सिंह को आखिरकार भारत वापस ले आया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एक सफल प्रत्यर्पण ऑपरेशन के बाद 12 सितंबर को उसे मोल्दोवा से भारत लाया गया। इस पूरे अभियान में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और पंजाब पुलिस ने मिलकर काम किया।
पंजाब पुलिस की एक चार सदस्यीय टीम आरोपी को लाने के लिए मोल्दोवा की राजधानी चिसिनाउ गई थी। टीम अमृतपाल सिंह के साथ 12 सितंबर को दिल्ली पहुंची।
कई संगीन मामलों में था वांछित
अमृतपाल सिंह पर पंजाब में कई संगीन अपराधों के आरोप हैं। इनमें हथियारों के इस्तेमाल से दो लोगों की हत्या का मामला सबसे प्रमुख है। इसके अलावा, उस पर आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, उसके आपराधिक रिकॉर्ड में जालसाजी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल और पासपोर्ट एक्ट का उल्लंघन भी शामिल है।
कैसे सफल हुआ प्रत्यर्पण
CBI ने पंजाब पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल चैनलों के माध्यम से अमृतपाल सिंह के खिलाफ एक रेड नोटिस जारी कराया था। इसी नोटिस के आधार पर उसकी लोकेशन मोल्दोवा में ट्रेस हुई, जहां स्थानीय अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
CBI ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद भारत ने मोल्दोवा के अधिकारियों से उसके प्रत्यर्पण का अनुरोध किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर मोल्दोवा ने अमृतपाल को भारत को सौंपने की मंजूरी दे दी। गौरतलब है कि CBI भारत में इंटरपोल के लिए नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में काम करती है और पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल के जरिए 175 से ज्यादा वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।
इनपुट: IANS



