मिजोरम छात्रा हत्याकांड: चचेरे भाई समेत दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
मिजोरम के लुंगलेई जिले में इस महीने की शुरुआत में लापता हुई एक छात्रा की हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आया है। पुलिस ने मृतका के चचेरे भाई समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी…
मिजोरम के लुंगलेई जिले में इस महीने की शुरुआत में लापता हुई एक छात्रा की हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला मोड़ आया है। पुलिस ने मृतका के चचेरे भाई समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, विशेष जांच दल (SIT) ने गुरुवार को यह कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने 20 वर्षीय देंगमिंगथांगा और 34 वर्षीय लालनेइहकिमा को गिरफ्तार किया है। दोनों मुआलथुआम नॉर्थ इलाके के ही रहने वाले हैं, जहां यह घटना हुई। इनमें से एक आरोपी देंगमिंगथांगा, मृतका एच. रामदिनपुई का चचेरा भाई है और उसका घर भी पीड़िता के पास ही बताया जाता है।
क्या है पूरा मामला?
छात्रा एच. रामदिनपुई 3 अगस्त को लापता हो गई थी। इसके दो दिन बाद, 5 अगस्त को उसका शव मुआलथुआम नॉर्थ गवर्नमेंट मिडिल स्कूल के पास मिला। जांच के दौरान पुलिस को स्कूल परिसर के पास से दो चाकू भी बरामद हुए थे। इस मामले में लुंगलेई पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।
जांच और सबूत
SIT ने अपनी जांच में डिजिटल और फोरेंसिक सबूतों का विश्लेषण किया और कई लोगों के बयान दर्ज किए। गिरफ्तारी से पहले दोनों आरोपियों से कई दौर की पूछताछ की गई थी। हालांकि, पुलिस ने हत्या के मकसद का खुलासा अभी नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक जुटाए गए सबूतों के बारे में जानकारी देना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।
इनपुट: IANS



