मेरठ: शादी से बचने के लिए प्रेमी ने अस्पताल में नर्स को ड्रिप में ज़हर देकर मारा, दोस्त के साथ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक नर्स की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोप है कि शादी का दबाव बनाने पर नर्स के प्रेमी ने ही उसकी हत्या की साजिश रची और इसे आत्महत्या का रूप देने की…
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक नर्स की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोप है कि शादी का दबाव बनाने पर नर्स के प्रेमी ने ही उसकी हत्या की साजिश रची और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी प्रेमी सुरेश और उसके एक दोस्त फरहान को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शहर के एमसीसी अस्पताल की है, जहाँ पीड़िता बतौर नर्सिंग स्टाफ काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुरेश ने नर्स को आईवी ड्रिप में एक जहरीला केमिकल मिलाकर लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए मौके पर एक फर्जी सुसाइड नोट भी रख दिया।
पुलिस को कैसे हुआ शक?
कोतवाली के सर्कल ऑफिसर (सीओ) संग्राम सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर पुलिस को अस्पताल से एक नर्स द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम को एक सुसाइड नोट भी मिला। हालांकि, मृतका के परिवार वालों ने तुरंत पहचान लिया कि सुसाइड नोट में लिखी लिखावट उनकी बहू की नहीं है, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।
इसके बाद जब पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें सुरेश और फरहान कमरे के अंदर जाते दिखे। कुछ देर बाद सुरेश दस्ताने पहनकर बाहर आता हुआ दिखाई दिया, जिससे शक और गहरा गया।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
पुलिस ने जब सुरेश और फरहान को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सुरेश ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसका पांच साल का एक बेटा भी है। पिछले 7-8 महीने से उसका नर्स के साथ प्रेम संबंध था और वह लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी। इसी से छुटकारा पाने के लिए उसने हत्या की योजना बनाई।
सीओ संग्राम सिंह ने बताया, "शनिवार को नर्स ने कमजोरी महसूस होने की बात कही थी। इसी का फायदा उठाकर सुरेश और फरहान उसे ड्रिप चढ़ाने के बहाने कमरे में ले गए और ड्रिप में जहरीला केमिकल मिला दिया, जिससे उसकी जान चली गई।"
परिवार का पक्ष
मृतका के परिजनों ने बताया कि करीब ढाई साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन एक साल पहले ही उसके पति का निधन हो गया था। परिवार को अस्पताल से फोन पर यह सूचना मिली थी कि उनकी बहू ने जहर खा लिया है, लेकिन जब वे वहां पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार ने सुसाइड नोट को फर्जी बताते हुए न्याय की मांग की है।
इनपुट: IANS



