रविवार, 26 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
टेक्नोलॉजी

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में की विक्रम-1 और विज्ञान ओलंपियाड की चर्चा, युवाओं को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें एपिसोड में भारत के अंतरिक्ष और विज्ञान क्षेत्र में युवाओं की हालिया उपलब्धियों की जमकर सराहना की। समाचार एजेंसी IANS के…

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में की विक्रम-1 और विज्ञान ओलंपियाड की चर्चा, युवाओं को सराहा
(फोटो: IANS)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें एपिसोड में भारत के अंतरिक्ष और विज्ञान क्षेत्र में युवाओं की हालिया उपलब्धियों की जमकर सराहना की। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, पीएम मोदी ने भारत के पहले निजी तौर पर विकसित रॉकेट 'विक्रम वन' के सफल लॉन्च को एक ऐतिहासिक क्षण बताया, जिसने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है।

विज्ञापन

पीएम ने कहा, "हम सभी भारतीय स्पेस सेक्टर के एतिहासिक क्षण के साक्षी बने हैं।" उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय युवा इनोवेटर्स को दिया, जिनके बारे में उन्होंने कहा कि उन्होंने "गजब की स्किल, पैशन और पेशेंस दिखाया है" और वह कर दिखाया है, "जिसकी कल्पना तक मुश्किल थी।"

स्पेस सेक्टर में निजी भागीदारी का नतीजा

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि लंबे समय तक भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र निजी कंपनियों के लिए बंद था, जिससे कई प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने युवाओं के हित को ध्यान में रखते हुए इस सेक्टर को निजी भागीदारी के लिए खोलने का फैसला किया, जिसके शानदार परिणाम अब दुनिया के सामने हैं।

अंतरराष्ट्रीय विज्ञान ओलंपियाड में भारतीय छात्रों का दबदबा

प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' में अंतरराष्ट्रीय विज्ञान ओलंपियाड में भारतीय छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस महीने भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित के ओलंपियाड आयोजित हुए, जिनमें भारतीय दल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि भौतिकी ओलंपियाड में हिस्सा लेने वाले सभी पाँच भारतीय विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को पहली रैंक दिलाई। इसी तरह, रसायन विज्ञान ओलंपियाड में भी सभी भारतीय छात्रों ने गोल्ड मेडल जीता, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। जीव विज्ञान ओलंपियाड में भी भारतीय दल ने एक गोल्ड समेत कई पदक जीते। गणित ओलंपियाड में भारतीय विद्यार्थियों ने दो स्वर्ण और चार रजत पदक अपने नाम किए। प्रधानमंत्री ने कहा, "मुझे देश की युवा शक्ति पर बहुत गर्व है।"

उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि देश में ओलंपियाड और हैकथॉन की संस्कृति लगातार बढ़ रही है और उम्मीद जताई कि ज्यादा से ज्यादा युवा इनमें रुचि लेकर भारत का परचम लहराएंगे।

इनपुट: IANS

N

News4Social टेक डेस्क

News4Social टेक डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से टेक्नोलॉजी से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →