महिला T20 विश्व कप 2026: लॉर्ड्स में खिताब के लिए भिड़ेंगी दो अजेय टीमें, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया
महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में क्रिकेट जगत की दो सबसे बड़ी टीमें आमने-सामने होंगी। लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर रविवार को होने वाले इस खिताबी मुकाबले में एक तरफ मेजबान इंग्लैंड है, तो दूसर
महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में क्रिकेट जगत की दो सबसे बड़ी टीमें आमने-सामने होंगी। लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर रविवार को होने वाले इस खिताबी मुकाबले में एक तरफ मेजबान इंग्लैंड है, तो दूसरी तरफ छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम। खास बात यह है कि दोनों ही टीमें इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही हैं, जिसने इस फाइनल को और भी रोमांचक बना दिया है।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह आठवीं बार है जब ऑस्ट्रेलियाई टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की है। वहीं, इंग्लैंड की टीम पांचवीं बार खिताब के लिए मैदान पर उतरेगी। घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का फायदा इंग्लैंड को मिलता दिख रहा है, जिसका घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप में रिकॉर्ड शानदार रहा है। इंग्लिश टीम ने अब तक घर में खेले सभी 11 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
कौन किस पर भारी?
इस पूरे टूर्नामेंट में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इंग्लैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज डैनी व्याट बेहतरीन फॉर्म में हैं और उन्होंने 6 पारियों में 73 की औसत से 294 रन बनाए हैं। कप्तान नेट साइवर-ब्रंट और गेंदबाज सोफी एक्लेस्टोन भी टीम की बड़ी ताकत हैं।
दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रदर्शन भी लाजवाब रहा है। टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ी एलिसा पेरी 6 मैचों में 185 रन बना चुकी हैं, जबकि बेथ मूनी का बल्ला भी लगातार चल रहा है। गेंदबाजी में कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने 6 मुकाबलों में 10 विकेट झटके हैं और जॉर्जिया वेयरहम ने 7 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया है।
कैसा रहेगा पिच और मौसम का मिजाज?
लॉर्ड्स की पिच पारंपरिक रूप से तेज गेंदबाजों को मदद करती है, जहां अच्छा उछाल और शुरुआती ओवरों में स्विंग देखने को मिलती है। हालांकि, इस विश्व कप में यहां बल्लेबाजों ने भी खूब रन बनाए हैं। इस मैदान पर खेले गए 16 टी20 मैचों में 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 7 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने बाजी मारी है। AccuWeather की रिपोर्ट के अनुसार, मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश की आशंका सिर्फ 5% है, जिसका मतलब है कि दर्शकों को पूरे 40 ओवर का मुकाबला देखने को मिलेगा।
इनपुट: IANS



