महाराष्ट्र सरकार पर संजय राउत का बड़ा आरोप, कहा- मंत्री ने प्रस्ताव पास करने के लिए 5 करोड़ की रिश्वत मांगी
शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि राज्य के एक मंत्री ने एक प्रस्ताव को मंजूरी देने के एवज में 5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी है…
शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि राज्य के एक मंत्री ने एक प्रस्ताव को मंजूरी देने के एवज में 5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राउत ने यह भी कहा कि शिंदे गुट के कई मंत्रियों के विभागों में बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता।
शनिवार को छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) का उदाहरण दिया। राउत ने बताया, "मेरे साथ एक व्यक्ति बैठे थे और उनका एक एनजीओ है। महाराष्ट्र के समाज कल्याण मंत्री हैं, जिनके माध्यम से दलितों, गरीबों और शोषित समाज के लिए परियोजनाएं बनती हैं। इस व्यक्ति ने अण्णाभाऊ साठे विकास निगम के नाम पर एक ट्रेनिंग सेंटर का प्रस्ताव दिया था लेकिन उसका अनुमोदन नहीं किया गया।"
मंत्री पर 20% कमीशन मांगने का आरोप
संजय राउत के मुताबिक, प्रस्ताव देने वाले व्यक्ति को मंत्री ने बुलाकर कहा, "जब तक मुझे 20 प्रतिशत नहीं मिल जाएगा और आप अपने हाथों से मुझे 5 करोड़ रुपये नहीं देंगे, तब तक मैं प्रस्ताव मंजूर नहीं करूंगा।" उन्होंने इस घटना को महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा पर चोट बताते हुए कहा कि अगर मंत्री खुद भ्रष्टाचार की बात करें तो राज्य की क्या इज्जत रह जाएगी?
राउत ने कहा, "मैंने आज कहा कि यदि इस प्रकार के प्रस्तावों के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं, तो मैं मंत्री के पास रिश्वत की रकम लेकर जाऊंगा और इस पर हस्ताक्षर करने को कहूंगा।" उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास इस मंत्री के खिलाफ पैसे लेकर काम करने की 27 शिकायतें आई हैं।
शिंदे सरकार और गृह मंत्रालय पर निशाना
राउत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा, "महाराष्ट्र की पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। देवेंद्र फडणवीस से हम लोग बहुत उम्मीद रखते थे... लेकिन जबसे एकनाथ शिंदे उनके साथ आए हैं, तब से भ्रष्टाचार का विषय और भी बढ़ गया है।" उन्होंने कहा कि राज्य में 8 से 10 मंत्री ऐसे हैं, जिनके मंत्रालयों में बिना पैसे दिए काम नहीं होता और ये सभी शिंदे गुट से जुड़े हैं।
उन्होंने अपनी बात को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कार्रवाई की मांग की। राउत ने कहा, "मैं कोई नया सांसद नहीं हूं बल्कि पिछले 25 वर्षों से सांसद हूं, तो मेरी बात को गंभीरता से लिया जाना चाहिए... यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जिम्मेदारी है कि हमने जो बात रखी है, उस पर ध्यान दें और कार्रवाई करें।"
इनपुट: IANS



