भिवंडी: चिकन शोरमा खाने से 10 बच्चों समेत 43 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में एक दुकान से चिकन शोरमा खाने के बाद 43 लोगों के बीमार पड़ने की खबर है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, फूड पॉइजनिंग के इन मामलों में एक गर्भवती…
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में एक दुकान से चिकन शोरमा खाने के बाद 43 लोगों के बीमार पड़ने की खबर है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, फूड पॉइजनिंग के इन मामलों में एक गर्भवती महिला और 10 बच्चे भी शामिल हैं। सभी प्रभावित लोगों को इलाज के लिए इंदिरा गांधी स्मृति रुग्णालय (आईजीएम) में भर्ती कराया गया है।
यह घटना भिवंडी के अंजुर पट्टी नाके के पास स्थित एक शोरमा की दुकान से संबंधित है। मरीजों ने बताया कि वहां से शोरमा खाने के कुछ घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों में पेट दर्द, उल्टी, दस्त, बुखार और चक्कर आने जैसे लक्षण दिखाई दिए। शुरुआत में इसे सामान्य पेट की समस्या समझा गया, लेकिन जब एक साथ कई लोगों में यही लक्षण दिखे तो फूड पॉइजनिंग का शक पुख्ता हो गया।
मरीजों ने बताई आपबीती
एक पीड़ित शेख इरफान जाफर हुसैन ने IANS को बताया कि उनके बच्चे द्वारा लाए गए शोरमा को उन्होंने परसों रात खाया था। अगली सुबह से ही उनके पेट में मरोड़ होने लगी। दोपहर में जब उन्होंने खबर देखी, तब उन्हें पता चला कि शोरमा खाने से ही लोगों की तबीयत खराब हो रही है। उन्होंने बताया, “शाम तक प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया लेकिन आराम नहीं मिला। रात करीब 12 बजे मुझे चक्कर और बुखार आ गया, जिसके बाद परिजन मुझे आईजीएम अस्पताल लेकर आए।”
एक अन्य मरीज ने बताया कि उन्होंने रात साढ़े नौ से साढ़े दस बजे के बीच शोरमा खाया था और अगले दिन दोपहर तक उनकी हालत बिगड़ने लगी। उन्हें लगातार दस्त और पेट में ऐंठन की शिकायत थी। देर रात चार बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं, एक मरीज की बहन नाजिया ने बताया कि उनके भाई को पहले पेट में तेज दर्द हुआ, फिर बुखार आया और बाद में उनका बीपी भी लो हो गया, जिसके बाद उन्हें प्राइवेट अस्पताल से आईजीएम रेफर किया गया।
इनपुट: IANS



