वसई-विरार: खेलते-खेलते 11वीं मंज़िल से गिरी 6 साल की बच्ची, दर्दनाक मौत
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 6 वर्षीय बच्ची की 11वीं मंज़िल की लॉबी की खिड़की से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम को वसई-विरार इलाके के नायगांव…
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 6 वर्षीय बच्ची की 11वीं मंज़िल की लॉबी की खिड़की से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम को वसई-विरार इलाके के नायगांव ईस्ट स्थित नवकार टावर में हुआ, जिसके बाद बच्ची के परिवार और पूरी हाउसिंग सोसाइटी में मातम पसर गया है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान 6 साल की मिताली दिनेश सुतार के रूप में हुई है। घटना के दिन मिताली अपनी एक दोस्त के साथ खेलने के लिए इमारत की 11वीं मंजिल पर बनी लॉबी में गई थी। दोनों बच्चियां वहीं खेल रही थीं।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 3:45 बजे यह हादसा हुआ। लगभग 4 बजे, पड़ोस में रहने वाली बच्ची की माँ दौड़कर मिताली के पिता दिनेश सुतार के पास पहुँची और बताया कि उनकी बेटी लॉबी की खिड़की से नीचे गिर गई है। यह सुनते ही परिवार और आसपास के लोग घबराकर नीचे की ओर भागे।
जब लोग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर पहुँचे, तो उन्होंने मिताली को फायर ब्रिगेड के पाइप पर पीठ के बल गिरे हुए पाया। परिवार ने बिना कोई देरी किए एम्बुलेंस बुलाई और उसे वसई पश्चिम के कार्डिनल अस्पताल ले गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत बच्ची की ईसीजी जांच की, लेकिन उनकी सारी कोशिशें नाकाम रहीं। शाम करीब 6:45 बजे, डॉक्टरों ने मिताली को अस्पताल में भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना के बाद नायगांव पुलिस ने रात करीब 9:30 बजे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इनपुट: IANS



