गुरूवार, 30 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

नाशिक में सड़क के गड्ढे ने ली दो युवकों की जान, स्विफ्ट कार नाले में गिरी

महाराष्ट्र में खराब सड़कों के कारण होने वाले हादसों की सूची में एक और दुखद घटना जुड़ गई है। नासिक जिले में चांदवाड़-मनमाड रोड पर एक गड्ढे की वजह से कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी, जिससे दो…

नाशिक में सड़क के गड्ढे ने ली दो युवकों की जान, स्विफ्ट कार नाले में गिरी
(फोटो: IANS)

महाराष्ट्र में खराब सड़कों के कारण होने वाले हादसों की सूची में एक और दुखद घटना जुड़ गई है। नासिक जिले में चांदवाड़-मनमाड रोड पर एक गड्ढे की वजह से कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी, जिससे दो युवकों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा देर रात हुआ जब सागर बेदाडे और उनके ड्राइवर स्विफ्ट कार से कहीं जा रहे थे।

विज्ञापन

शुरुआती जांच में पता चला है कि सड़क पर बने गड्ढे का अंदाज़ा नहीं लगने के कारण ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क के दूसरी तरफ एक नाले में गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस सड़क पर गड्ढों की समस्या को लेकर प्रशासन से बार-बार शिकायत की गई थी, लेकिन उन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का मानना है कि यह दुर्घटना प्रशासनिक लापरवाही का ही नतीजा है।

भिवंडी में भी हुआ बड़ा सड़क हादसा

इसी बीच, गुरुवार सुबह भिवंडी में भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 8 लोग घायल हो गए। भिवंडी के चालीस गांव का एक परिवार अपने कुछ रिश्तेदारों को मुंबई एयरपोर्ट छोड़कर घर लौट रहा था। उनके रिश्तेदार उमरा के लिए जा रहे थे। वापसी के दौरान मुंबई-नासिक हाईवे पर उनकी क्रूजर गाड़ी एक खड़े ट्रक से जा टकराई।

बताया गया है कि भिवंडी बाईपास के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। क्रूजर के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई। इस टक्कर में क्रूजर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी में करीब 10 लोग सवार थे, जिनमें से 8 घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को भिवंडी के इंदिरा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चार गंभीर घायलों को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →