महाराष्ट्र: 40 लाख की रिश्वत लेते CGST अधिकारी रंगे हाथों गिरफ्तार, CBI की बड़ी कार्रवाई
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत तीन लोगों को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS से…
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों समेत तीन लोगों को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक जाल बिछाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें एक निजी व्यक्ति को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
यह मामला एक पत्थर खनन फर्म से जुड़ा है, जिसके मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि सीजीएसटी के अधिकारियों ने जीएसटी और रॉयल्टी से जुड़े एक मामले को निपटाने के लिए शुरुआत में 1.50 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के बाद यह रकम 40 लाख रुपये तय की गई।
रिश्वतखोरी का नेटवर्क और CBI का जाल
सीबीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने सीधे पैसे लेने के बजाय एक निजी व्यक्ति के माध्यम से रिश्वत की रकम मंगवाई थी। शिकायतकर्ता को इसी व्यक्ति के पास पैसे पहुंचाने का निर्देश दिया गया था। इसी सूचना के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और निजी व्यक्ति को 40 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी का दावा है कि बाद में सीजीएसटी के सुपरिंटेंडेंट और अतिरिक्त आयुक्त, दोनों ने यह रकम मिलने की बात स्वीकार कर ली।
छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति बरामद
27 अगस्त को तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने उनके ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों के पास से 43 लाख रुपये नकद और करीब 90 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद हुए। सीबीआई ने 26 अगस्त को सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया था। फिलहाल, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



