महाराष्ट्र: खेत का रास्ता बंद, किसानों ने 40 हजार में नाव खरीदकर निकाला हल
महाराष्ट्र के वाशिम जिले में कुछ किसानों के सामने अपने ही खेत तक पहुँचना एक बड़ी चुनौती बन गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जब प्रशासन से एक साल तक गुहार लगाने के बावजूद रास्ता नहीं…
महाराष्ट्र के वाशिम जिले में कुछ किसानों के सामने अपने ही खेत तक पहुँचना एक बड़ी चुनौती बन गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, जब प्रशासन से एक साल तक गुहार लगाने के बावजूद रास्ता नहीं मिला, तो मोहजा गाँव के इन किसानों को मजबूरन 40,000 रुपये खर्च कर एक नाव खरीदनी पड़ी। अब वे हर दिन लबालब भरे बांध के पानी को नाव से पार करके अपनी फसलों की देखभाल करने जाते हैं।
किसानों का कहना है कि उनके खेत तक जाने वाला पुराना रास्ता बांध में डूब गया था। इसके बाद वे एक दूसरे किसान के खेत से होकर गुज़रते थे, लेकिन अब उस वैकल्पिक रास्ते को भी बंद कर दिया गया है। खेत तीन तरफ से पानी से घिरा हुआ है, जिससे ट्रैक्टर या बैलगाड़ी तो दूर, पैदल जाना भी नामुमकिन हो गया है।
प्रशासन से नहीं मिली मदद
पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने रास्ते के लिए पिछले एक साल में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया, आवेदन दिए और शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसान सुभाष सरनाईक ने एजेंसी से कहा, “प्रशासन सिर्फ तारीख पर तारीख दे रहा है, जिसके चलते हमें यह नाव खरीदनी पड़ी।”
फसल बचाने की जद्दोजहद
इस समस्या से जूझ रहे किसान भागवत सरनाईक की पाँच एकड़ ज़मीन में से ढाई एकड़ बांध में चली गई है। बाकी बची ढाई एकड़ ज़मीन पर उन्होंने हल्दी की फसल लगाई है। उन्होंने कहा, “हमें नाव चलानी भी नहीं आती, लेकिन खेत में लगी हल्दी की फसल बर्बाद न हो, इसलिए हमने यह कदम उठाया।” हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर ये किसान बांध के पानी को पार कर अपने खेतों तक पहुँच रहे हैं।
इनपुट: IANS



