विरार के एक फ्लैट में तीन भाई-बहनों के शव मिले, आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो
महाराष्ट्र के विरार में एक बंद फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत पर जब पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी, तो वहां तीन भाई-बहनों के शव पड़े मिले। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह दर्दनाक घटना…
महाराष्ट्र के विरार में एक बंद फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत पर जब पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी, तो वहां तीन भाई-बहनों के शव पड़े मिले। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह दर्दनाक घटना विरार पश्चिम की ग्लोबल सिटी स्थित के. एवेन्यू इमारत में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे आत्महत्या का मामला बताया है।
मृतकों में दो भाई और एक बहन शामिल हैं, जिनकी उम्र 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उनके शव गुरुवार को विंग डी के फ्लैट नंबर 1203 से बरामद किए गए। पड़ोसियों ने बुधवार रात को फ्लैट से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद यह मामला सामने आया।
जांच में मिले अहम सुराग
बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले ने बताया कि मृतकों में से एक ने अपनी मौत से ठीक पहले मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने आत्महत्या करने की बात कही है। पुलिस को यह भी पता चला है कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और मृतकों में से एक कैंसर से पीड़ित था।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस को शक है कि तीनों ने जहर खाकर अपनी जान दी है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकाश कावले के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन में मिले वीडियो और अन्य सबूतों की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
इनपुट: IANS



