महाराष्ट्र: दौंड में पति ने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी पर किया जानलेवा हमला, केस दर्ज
महाराष्ट्र के दौंड शहर में एक महिला पर उसके अलग रह रहे पति और उसके दोस्त द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता के गले पर चाकू से वार किया…
महाराष्ट्र के दौंड शहर में एक महिला पर उसके अलग रह रहे पति और उसके दोस्त द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता के गले पर चाकू से वार किया गया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 19 अगस्त 2026 की रात लगभग 8:30 बजे की है, जब 25 वर्षीय पीड़िता प्रियांका उमेश गायकवाड़ अपनी सहेली और बच्चे के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान उनके पति विशाल प्रकाश जाधव और उसके दोस्त ऋषी अशोक डोके ने मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया।
सुनसान जगह ले जाकर किया हमला
आरोपियों ने 'दो मिनट बात करनी है' कहकर प्रियांका को दौंड की डिफेंस कॉलोनी के एक सुनसान इलाके में ले गए। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वहां ऋषी डोके ने प्रियांका को जबरन पकड़ लिया और उनका मुंह दबाने की कोशिश की। इसी बीच, विशाल जाधव ने चाकू निकालकर 'आज जिंदा नहीं छोड़ेंगे' कहते हुए उनके गले पर हमला कर दिया।
हमले के बाद प्रियांका के शोर मचाने पर आसपास के कुछ लोग मदद के लिए पहुंचे। उसी समय पुलिस को आता देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से पहले महालक्ष्मी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पिरामिड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पारिवारिक विवाद बनी वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियांका और आरोपी विशाल जाधव का विवाह 2018 में हुआ था। विशाल की शराब की लत के कारण दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहता था, जिसके चलते वे 2022 से अलग रह रहे थे। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
इनपुट: IANS



