अमरावती के महिला अस्पताल में भीषण हादसा, NICU में आग लगने से तीन नवजातों की मौत
महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में आग लग जाने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। समाचार एजेंसी…
महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में आग लग जाने से तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना वेंटिलेटर में हुए एक धमाके के बाद हुई।
यह हादसा सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर हुआ। जिस समय आग लगी, उस वक्त NICU में कुल 39 नवजात बच्चे भर्ती थे। आग लगने का शुरुआती कारण वेंटिलेटर में हुआ विस्फोट बताया जा रहा है, जिसके बाद वार्ड में धुआं और आग की लपटें फैल गईं।
डॉक्टरों और स्टाफ ने बचाई कई जानें
आग और धुएं को देखते ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालते हुए प्रभावित वार्ड से बच्चों को निकालना शुरू किया। उनकी मुस्तैदी के कारण अधिकतर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे स्थान पर ले जाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बचाए गए बच्चों का इलाज जारी
इस हादसे में तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए, जिनकी बाद में मौत हो गई। बचाए गए बच्चों में से छह की हालत गंभीर थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग के कारण NICU में रखे मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अस्पताल के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया।
इनपुट: IANS



