खरगोन: नीलोफर हत्याकांड का फरार आरोपी पति जयपुर से गिरफ्तार, पांच राज्यों में दे रहा था चकमा
मध्य प्रदेश के खरगोन में हुए चर्चित नीलोफर हत्याकांड में पुलिस ने एक महीने से ज्यादा समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपी और नीलोफर के पति नईम…
मध्य प्रदेश के खरगोन में हुए चर्चित नीलोफर हत्याकांड में पुलिस ने एक महीने से ज्यादा समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपी और नीलोफर के पति नईम खान फतेह को राजस्थान के जयपुर से पकड़ा गया। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार पांच राज्यों में अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस टीमों ने आरोपी को पकड़ने के लिए करीब तीन हजार किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए ढाबे पर काम करने से लेकर ई-रिक्शा चलाने, पान की दुकान संभालने और गैस सिलेंडर बांटने जैसे कई काम किए।
पोस्टमॉर्टम के बिना दफनाने से हुआ था शक
यह मामला तब सामने आया जब 16 अगस्त को मृतका के भाई फरहान शेख ने खरगोन कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बहन नीलोफर की मौत 15 अगस्त को हो गई थी, लेकिन उसके पति नईम ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही शव को दफना दिया था। मौत पर संदेह होने के कारण परिवार ने पुलिस से जांच की मांग की।
शिकायत के बाद, पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में कब्र से शव को बाहर निकलवाया और डॉक्टरों की एक विशेष टीम से पोस्टमॉर्टम कराया। जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने पति नईम खान फतेह के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज किया।
विशेष टीम ने आरोपी को धर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए खरगोन के पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश इंदौर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में की। आखिरकार, लगातार पीछा करने के बाद उसे जयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है।
इनपुट: IANS



