सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड: मुख्य आरोपी जोबनप्रीत मुंबई से गिरफ्तार
मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन सिंह उर्फ 'मैड संधू' की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को एक अहम कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया…
मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मधुसूदन सिंह उर्फ 'मैड संधू' की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को एक अहम कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (जालंधर) और मुंबई एटीएस ने एक संयुक्त अभियान में की।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के समय जोबनप्रीत के पास से 3 पिस्तौल, 5 मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
विदेशों से जुड़े थे तार
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जोबनप्रीत विदेश में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर काम कर रहा था। उसकी मुख्य भूमिका शूटरों तक हथियार पहुंचाना, उन्हें फंडिंग मुहैया कराना और अन्य लॉजिस्टिक सहायता देना थी। आरोपी ने पूछताछ में यह भी कबूल किया है कि वह तरनतारन जिले में जबरन वसूली से जुड़ी गोलीबारी की तीन घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके और इसके पीछे के सभी संबंधों का पता लगाया जा सके। पंजाब पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि वह राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने तथा शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नशा तस्करी पर भी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही, 13 अक्टूबर को अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इस दौरान पुलिस ने पांच अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 6 पिस्तौल, 4.4 किलो से ज्यादा हेरोइन, 500 ग्राम अफीम और 12.90 लाख रुपए की ड्रग मनी जब्त की गई थी।
इनपुट: IANS



