Lucknow News: तमाम मन्नतों के बाद मिले इकलौते बेटे को कुत्तों ने नोचकर मार डाला, बहन भी जख्मी

134
Lucknow News: तमाम मन्नतों के बाद मिले इकलौते बेटे को कुत्तों ने नोचकर मार डाला, बहन भी जख्मी

Lucknow News: तमाम मन्नतों के बाद मिले इकलौते बेटे को कुत्तों ने नोचकर मार डाला, बहन भी जख्मी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ठाकुरगंज में बुधवार को आवारा कुत्तों ने पार्क में खेल रहे 7 साल के मासूम मोहम्मद रजा और उसकी बहन जन्नत पर हमला कर दिया, जिसमें मोहम्मद की मौत हो गई, जबकि जन्नत की हालत गंभीर है। ठाकुरगंज के मुसाहिबगंज हैदरी इमामबाड़े के पास शबाब रजा परिवार संग रहते हैं। पेशे से प्लंबर शबाब के परिवार में पत्नी रानी, तीन बेटियां आदिया, मासूमा, जन्नत और इकलौता बेटा मोहम्मद रजा था।

बुधवार शाम करीब चार बजे मोहम्मद चार साल की बहन जन्नत फातिमा संग घर के पास सरकारी स्कूल के मैदान में खेल रहा था तभी आवारा कुत्तों के झुंड पहुंच गए। मोहम्मद और जन्नत डर कर भागे। बच्चे कुछ समझ पाते इससे पहले कुत्तों ने बुरी तरह नोंच डाला। स्थानीय लोगों के अनुसार खून से लथपथ बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। घायल बच्चों को लेकर परिवारीजन ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। इलाज के कुछ ही मिनट में मोहम्मद की मौत हो गई, जबकि जन्नत की हालत गंभीर है।

जन्नत फातिमा के लिए अगले 24 घंटे क्रिटिकल हैं। ट्रॉमा के सीएमएस डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि बच्ची को कई जगह कुत्तों ने काटा है। खून चढ़ाया जा रहा है। इंफेक्शन प्रिवेंशन के सारे उपाय किए गए हैं। बच्ची को पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट में रखा गया है।

इलाके में आक्रोश, मुआवजे की मांग
शबाब के इकलौते बेटे मोहम्मद की मौत की खबर जैसे ही इलाके में पहुंची तो लोग आक्रोशित हो गए। भारी संख्या में लोग शबाब के घर पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि आवारा कुत्तों को लेकर कई बार शिकायत की गई लेकिन कुछ भी नहीं हुआ। नगर निगम की लापरवाही से मासूम को जान गंवानी पड़ी। गुस्साए लोग ठाकुरगंज थाने भी पहुंचे। मुआवजे और संबंधित अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए हंगामा भी किया।

पुलिस ने उचित कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। बच्चे के पिता शबाब ने नगर निगम जोन 6 के अधिकारियों सहित अन्य के खिलाफ ठाकुरगंज पुलिस को दी तहरीर। एडीसीपी वेस्ट सीएन सिन्हा का कहना है मामले की जांच की जाएगी।

ईद के लिए मॉल से कपड़े लेना चाहता था
शबाब रजा ने बताया कि बड़ी मन्नत के बाद उन्हें बेटा मिला था। तीन बेटियों में मोहम्मद इकलौता बेटा था। शबाब ने बताया कि सुबह से ही मोहम्मद ईद के लिए मॉल से कपड़े खरीदने की जिद कर रहा था। रजा को उन्होंने शाम को इफ्तार के बाद कपड़े खरीदने चलने की बात कही थी।

मुंबई में थी मां
शबाब ने कुछ वक्त पहले पत्नी को ठाकुरगंज के पजवा में कॉस्मेटिक की दुकान खुलवाई थी। कुछ दिन पहले पत्नी रानी बेटी मासूम के साथ कॉस्मेटिक प्रॉडक्ट लेने मुंबई गई हैं। शबाब ने दिल पर पत्थर रखकर पत्नी को इकलौते बेटे की मौत की खबर दी।

नगर निगम का अभियान फेल!
शहर में स्ट्रीट डॉग्स की बढ़ती संख्या रोकने के लिए नगर निगम ने एक संस्था को नसबंदी का जिम्मा दिया। लेकिन बीते कुछ महीने के नसबंदी ठप है। जिसकी वजह से कई इलाकों में कुत्तों की संख्या बढ़ गई है। हालांकि, इस पर नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी का कहना है कि संस्था की ओर से अब तक 18 स्ट्रीट डॉग्स की नसबंदी की गई है। शहर में अभी करीब 50 हजार स्ट्रीट डॉग्स हैं।

सांकेतिक तस्वीर



Source link