लाल किला ब्लास्ट: आरोपी डॉक्टरों ने साजिश में शामिल होने से किया इनकार, बचाव में दीं ये दलीलें
साल 2025 में दिल्ली के लाल किला के पास हुए धमाके के मामले में गिरफ्तार दो मुख्य आरोपियों, डॉ. मुजम्मिल और डॉ. शाहीन सईद, ने अदालत में अपनी भूमिका से पूरी तरह इनकार किया है। समाचार एजेंसी IANS के…
साल 2025 में दिल्ली के लाल किला के पास हुए धमाके के मामले में गिरफ्तार दो मुख्य आरोपियों, डॉ. मुजम्मिल और डॉ. शाहीन सईद, ने अदालत में अपनी भूमिका से पूरी तरह इनकार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, दिल्ली की विशेष NIA अदालत में आरोप तय करने पर चल रही सुनवाई के दौरान दोनों के वकीलों ने अपनी दलीलें पूरी कर ली हैं। बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि जब उन्हें धमाके से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, तो वे साजिश का हिस्सा कैसे हो सकते हैं।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि डॉ. मुजम्मिल को 29 अक्टूबर को और डॉ. शाहीन सईद को धमाके से एक दिन पहले, 9 नवंबर को, जम्मू पुलिस ने साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में उनका 10 नवंबर 2025 को हुए इस ब्लास्ट से कोई लेना-देना कैसे हो सकता है।
सबूतों के अभाव का दावा
आरोपियों की ओर से यह भी दलील दी गई कि धमाके में शामिल अन्य आरोपियों के साथ उनके संपर्क का कोई सबूत पेश नहीं किया गया है। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि जिस आई-10 कार में विस्फोट हुआ था, उसकी खरीद में भी उनकी कोई भूमिका साबित नहीं होती है। राउज एवेन्यू कोर्ट स्थित विशेष अदालत इस मामले में अब 17 नवंबर को अन्य आरोपियों की दलीलें सुनेगी। इससे पहले कोर्ट ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया था।
NIA की चार्जशीट और मामले का ब्योरा
NIA ने पिछले महीने इस मामले में 75,000 पन्नों की एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की थी। इस चार्जशीट में कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है। एजेंसी के मुताबिक, धमाके का मुख्य साजिशकर्ता उमर उन नबी था, जो विस्फोट में मारा गया था। उसका नाम भी चार्जशीट में शामिल है। अन्य आरोपियों में जमीर अहमद अहंगर, तुफैल अहमद भट्ट, डॉ. शाहीन सईद, मुफ्ती इरफान अहमद, जसीर बिलाल वानी (दानिश), डॉ. आदिल अहमद, यासिर अहमद डार, डॉ. मुजम्मिल शकील, आमिर राशिद अली, अहमद डार और शोएब के नाम हैं। इस धमाके में 13 लोगों की जान गई थी और 24 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
इनपुट: IANS



