कुर्ला मारपीट: नितेश राणे के 'टाइम बम' वाले बयान पर NCP विधायक सना मलिक का पलटवार, निष्पक्ष जांच की मांग
मुंबई के कुर्ला गार्डन में हुई मारपीट की घटना को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। कैबिनेट मंत्री नितेश राणे द्वारा घटना में शामिल नाबालिगों को 'टाइम बम' और 'गजवा-ए-हिंद' का सपना देखने वाला बताने…
मुंबई के कुर्ला गार्डन में हुई मारपीट की घटना को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। कैबिनेट मंत्री नितेश राणे द्वारा घटना में शामिल नाबालिगों को 'टाइम बम' और 'गजवा-ए-हिंद' का सपना देखने वाला बताने पर NCP विधायक सना मलिक ने कड़ी आपत्ति जताई है। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की गलती के लिए पूरे समुदाय को दोषी ठहराना गलत है।
सना मलिक ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, "मुंबई भाईचारे का शहर है। हमारी एक ही मांग है कि निष्पक्ष तरीके से पूरी घटना की जांच हो। जो भी इसमें दोषी है, उसे सजा दी जाए।" उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि किसी भी घटना को धार्मिक रंग देना उचित नहीं है।
सांप्रदायिक रंग देने का विरोध
इस मामले को लेकर कुछ हिंदू संगठनों के एकजुट होने पर भी सना मलिक ने असहमति जताई। उन्होंने कहा, "ये गलत है, कोई भी घटना धर्म के एंगल से नहीं चलनी चाहिए। इसे सांप्रदायिक रंग नहीं देना चाहिए।" उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत को गलत कहना ज़रूरी है और दोषियों पर कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए, साथ ही पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए।
विधायक ने कहा, "कुछ बच्चों ने ऐसी हरकतें की हैं तो पूरे समूह को इसमें नहीं लपेटना चाहिए। भारत में विभिन्न-विभिन्न धर्मों को मानने वाले रहते हैं। संविधान के हिसाब से सभी को उनका अधिकार दिया गया है।"
जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग संयम बरतें
सना मलिक ने मंत्रियों जैसे जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को बयान देते समय संयम बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भड़काऊ बयानों से समाज में तनाव बढ़ता है और जांच भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने मुंबई की पहचान 'गंगा-जमुनी तहजीब' से बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को सांप्रदायिक रंग देने से शहर का माहौल खराब होता है, जहां सभी धर्मों के लोग मिलजुलकर रहते हैं।
इनपुट: IANS



