कर्नाटक भर्ती घोटाला: पूर्व KPSC चेयरमैन और IAS समेत अधिकारियों की 1.22 करोड़ की संपत्ति कुर्क
कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) में हुए भर्ती घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत 1.22 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति…
कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) में हुए भर्ती घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत 1.22 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह कार्रवाई आयोग के तत्कालीन चेयरमैन, एक सदस्य और परीक्षा नियंत्रक से जुड़े मामले में की गई है, जिन पर पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा में धांधली करने का आरोप है।
ईडी के बेंगलुरु जोनल कार्यालय ने 13 नवंबर को यह कुर्की आदेश जारी किया था। जिन अधिकारियों की संपत्ति कुर्क की गई है, उनमें KPSC के तत्कालीन चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहूकार, आयोग की सदस्य गीता बी.वी. शिवमूर्ति और उस समय के परीक्षा नियंत्रक ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार (आईएएस) शामिल हैं। एजेंसी ने बेंगलुरु के विधान सौधा पुलिस स्टेशन में दर्ज कई FIR के आधार पर अपनी जांच शुरू की थी।
कैसे हुआ भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा?
जांच में यह बात सामने आई कि इन शीर्ष अधिकारियों ने बसवराज कन्नाले नामक एक व्यक्ति के साथ मिलकर अपने पद का दुरुपयोग किया। आरोप है कि परीक्षा नियंत्रक ज्ञानेंद्र गंगवार ने परीक्षा से दो दिन पहले, 7 जनवरी को, प्रश्न पत्र सही उत्तरों के साथ अपने सहयोगी बसवराज कन्नाले को लीक कर दिया था।
इसके बाद कन्नाले ने परीक्षा से ठीक एक दिन पहले, 8 जनवरी को बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक विला में 10 उम्मीदवारों को यह पेपर बांटा। इसके बदले में उसने हर उम्मीदवार से 20 से 40 लाख रुपये की रिश्वत मांगी, जिसका कुछ हिस्सा नकद और बाकी ब्लैंक चेक व प्रॉमिसरी नोट के रूप में लिया गया। दिलचस्प बात यह है कि इन उम्मीदवारों की OMR शीट आयोग की शुरुआती उत्तर कुंजी से पूरी तरह मेल खा रही थी, लेकिन बाद में जब संशोधित उत्तर कुंजी जारी हुई तो उनके कई जवाब गलत पाए गए।
अंदरूनी साजिश और रिश्वत का लेन-देन
जांच में एक और बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। आरोप है कि चेयरमैन शिवशंकरप्पा के कहने पर गंगवार ने 6 अन्य उम्मीदवारों के लिए 80 सवालों के सही जवाब तैयार कर सदस्य गीता शिवमूर्ति को सौंपे थे। इसके बदले में चेयरमैन ने गंगवार के एक पसंदीदा उम्मीदवार को कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (KAS) के इंटरव्यू में अच्छे नंबर दिलवाने का वादा किया था। ईडी को चेयरमैन के घर से एक नोटबुक भी मिली, जिसमें उनकी लिखावट में परीक्षा केंद्र के अनुसार रोल नंबर लिखे थे।
रिश्वत के लेन-देन को लेकर भी गंभीर आरोप हैं। शिवशंकरप्पा ने एक उम्मीदवार से 20 लाख रुपये की डील में 10 लाख नकद लिए, जबकि गीता शिवमूर्ति ने 40 लाख की डील में 20 लाख नकद वसूले। इस पैसे को बीदर के एक सहकारी संघ और अन्य खातों में जमा किया गया था। रिश्वत के पैसे से गंगवार के लिए तीसरे व्यक्ति के नाम पर 52.30 लाख रुपये के सोने और हीरे के गहने खरीदे गए। साथ ही, गंगवार और उनके परिवार की 13.31 लाख रुपये की हवाई यात्रा का खर्च भी कन्नाले ने उठाया। इस मामले में बसवराज कन्नाले, ज्ञानेंद्र गंगवार, शिवशंकरप्पा और गीता शिवमूर्ति को सितंबर-अक्टूबर में गिरफ्तार किया जा चुका है।
इनपुट: IANS



