कोलकाता होटल अग्निकांड: CM सुवेंदु अधिकारी ने पिछली सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप, 9 लोगों की हुई थी मौत
कोलकाता के मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस त्रासदी के लिए पिछली सरकार की कथित लापरवाही को ज़िम्मेदार…
कोलकाता के मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत के बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस त्रासदी के लिए पिछली सरकार की कथित लापरवाही को ज़िम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा पिछली सरकार की अनदेखी की विरासत की एक दर्दनाक याद दिलाता है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, "मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट के होटल में हुई दुखद आग की घटना से मैं स्तब्ध और व्यथित हूं।" उन्होंने कहा कि इस समय पूरा ध्यान बचाव और राहत कार्यों पर है, लेकिन यह जानना भी ज़रूरी है कि चूक कहाँ हुई।
पिछली सरकार पर गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि बीते सालों में शहर और राज्य के बुनियादी ढाँचे को बिना किसी रोक-टोक के बढ़ने दिया गया। उन्होंने कहा कि होटलों और दूसरे कारोबारों को ज़रूरी अग्नि सुरक्षा नियमों की पूरी तरह अनदेखी करते हुए इमारतें बनाने और चलाने की अनुमति दी गई। अधिकारी ने अपने पोस्ट में लिखा, "पिछली सरकार ने जानबूझकर दूसरी तरफ देखा। बुनियादी अनुपालन ऑडिट लागू नहीं किए और इन असुरक्षित स्थितियों को पनपने दिया।"
जांच के लिए SIT का गठन
इस घटना की पूरी जांच के लिए तत्काल प्रभाव से 5 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा, "हम सच्चाई सामने लाने और न्याय दिलाने के लिए दृढ़ हैं।" उन्होंने प्रशासन को घायलों का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने और हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश भी दिया है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार अब उस दौर के नुकसान को ठीक करने और उन सुरक्षा मानकों को लागू करने के लिए लगातार काम कर रही है, जिन्हें बहुत पहले लागू हो जाना चाहिए था।
गौरतलब है कि मंगलवार-बुधवार की देर रात करीब 2 बजे मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट के होटल में लगी भीषण आग की चपेट में आने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। अधिकारी ने कहा, "मेरा दिल उन परिवारों के साथ है जिन्होंने इस दिल तोड़ देने वाली त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया है।"
इनपुट: IANS



