सोमवार, 27 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

काला हिरण फिल्म विवाद: दिल्ली हाईकोर्ट ने सोशल मीडिया से टीजर हटाने का दिया आदेश, निर्माता को लगाई फटकार

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़े 'काला हिरण' मामले पर बन रही फिल्म को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) और यूट्यूब को फिल्म 'काला…

काला हिरण फिल्म विवाद: दिल्ली हाईकोर्ट ने सोशल मीडिया से टीजर हटाने का दिया आदेश, निर्माता को लगाई फटकार
(फोटो: IANS)

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से जुड़े 'काला हिरण' मामले पर बन रही फिल्म को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) और यूट्यूब को फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' से संबंधित टीजर और अन्य लिंक हटाने का निर्देश दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सुनवाई के दौरान कोर्ट ने फिल्म के निर्माता अमित जानी के रवैये पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्हें कड़ी फटकार भी लगाई।

विज्ञापन

यह पूरा विवाद फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट को लेकर है, जिसमें कथित तौर पर सलमान खान की छवि और उनसे जुड़े मामले का इस्तेमाल किया गया है। सलमान खान के वकीलों ने अदालत में दलील दी थी कि फिल्म का टीजर उनकी छवि को नुकसान पहुंचा रहा है और इसके जरिए बिश्नोई समाज को उनके खिलाफ भड़काने की कोशिश की जा रही है।

अदालत की निर्माता को कड़ी फटकार

सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म निर्माता अमित जानी के वकील से कहा कि ऐसा लगता है कि पिछली सुनवाई में कोई आदेश पारित न होने से उन्हें हिम्मत मिल गई है। अदालत ने टिप्पणी की, "आपको इस बात से हिम्मत मिल रही है कि पिछली बार कोई आदेश पारित नहीं हुआ था। आपको लगता है कि आप कानून से ऊपर हैं। आप दिन-प्रतिदिन बदतर होते जा रहे हैं। आप किसी आम व्यक्ति के साथ भी ऐसा नहीं कर सकते।"

दोनों पक्षों की दलीलें

फिल्म निर्माता की ओर से पेश वकील ने तर्क दिया कि यह सिर्फ एक टीजर है और इसमें सलमान खान का नाम नहीं लिया गया है, न ही किसी डीपफेक या AI का इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक घटनाओं पर आधारित कहानी दिखाने पर किसी का विशेषाधिकार नहीं हो सकता। इसके जवाब में, सलमान खान के वकील ने कहा कि नाम न लेने के बावजूद फिल्म में अभिनेता की पहचान और छवि का स्पष्ट रूप से उपयोग किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सलमान खान के खिलाफ चार में से तीन मामलों में वे बरी हो चुके हैं और एक में सजा पर रोक है, फिर भी फिल्म उनकी छवि को धूमिल कर रही है।

गौरतलब है कि फिल्म के पोस्टर में मुख्य किरदार काशिफ इकबाल खान का लुक और ब्रेसलेट सलमान खान से मिलता-जुलता दिखाया गया था। टीजर में भी 'अयान खान' नाम का पात्र है, जिसे सलमान से और 'लॉयन बिश्नोई' नाम के किरदार को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से प्रेरित माना जा रहा है।

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →