गुरूवार, 13 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

हल्द्वानी में खड़गे के मंच 'शुद्धिकरण' पर राज्यसभा में हंगामा, नड्डा ने जांच का भरोसा दिलाया

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक मंच के 'शुद्धिकरण' का मामला उठाए जाने के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई…

हल्द्वानी में खड़गे के मंच 'शुद्धिकरण' पर राज्यसभा में हंगामा, नड्डा ने जांच का भरोसा दिलाया
(फोटो: IANS)

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक मंच के 'शुद्धिकरण' का मामला उठाए जाने के बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। खड़गे ने इसे अपनी दलित पहचान से जोड़ते हुए अपमानजनक बताया, जिसके जवाब में सदन के नेता जेपी नड्डा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को राज्यसभा में अपनी बात रखते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में उनकी जनसभा के बाद कुछ लोगों ने उस मंच का हवन कर शुद्धिकरण किया। उन्होंने कहा, “बड़े दुख के साथ कहना पड़ता है... मेरे भाषण के बाद कल भाजपा के लोगों ने मिलकर हवन किया और उस मंच का शुद्धीकरण करने का प्रयास किया। यही लोकतंत्र है।”

“मुझे अछूत समझकर अपमान किया”

खड़गे ने इस घटना को अपनी जातिगत पहचान पर हमला बताते हुए कहा, “मैं एक सरोकार वाला व्यक्ति हूं, मैं एक दलित हूं... लेकिन आप मुझे अछूत समझकर, शुद्धीकरण करके मेरा अपमान करते हैं। यह बहुत दुखद है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहते और अपने भाषण में उन्होंने किसी समाज या धर्म का नाम लिए बिना केवल लोगों की समस्याओं पर बात की थी।

भाजपा ने घटना की निंदा की, जांच का आश्वासन

खड़गे के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि यह विषय बेहद दुखद है और भाजपा इस तरह की गतिविधियों का कभी समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा, “खड़गे जी ने जो बात कही है, वह सच में बहुत दुखद विषय है... मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो भी बात हुई है, उसकी जांच जरूर होगी।” नड्डा ने खड़गे से इस मुद्दे का राजनीतिकरण न करने का आग्रह करते हुए कहा कि जिसने भी यह किया है, वह गलत है और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

सभापति ने भी की कार्रवाई की मांग

राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा, “हम सभी, चाहे किसी भी राजनीतिक दल से हों... अस्पृश्यता की निंदा करते हैं और हम सभी शुद्ध हैं। किसी को भी बार-बार हमें शुद्ध करने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि इस मामले की जांच कर दोषियों को पकड़ा जाए और उन्हें सजा दी जाए।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →