धनबाद: रक्षाबंधन के दिन मातम, तालाब में डूबने से तीन बच्चों की दर्दनाक मौत
झारखंड के धनबाद में रक्षाबंधन का त्योहार उस वक्त मातम में बदल गया जब तीन बच्चे एक तालाब में डूब गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह दर्दनाक घटना शुक्रवार को तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड़ गांव…
झारखंड के धनबाद में रक्षाबंधन का त्योहार उस वक्त मातम में बदल गया जब तीन बच्चे एक तालाब में डूब गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह दर्दनाक घटना शुक्रवार को तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड़ गांव में हुई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं, जिनकी पहचान रलझल, कुंदरो और आभा के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
कैसे हुआ यह हादसा?
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों बच्चे अक्सर गांव के पास स्थित तालाब में नहाने जाया करते थे। शुक्रवार को भी वे एक साथ नहाने गए थे। इसी दौरान, एक बच्ची अचानक तालाब के गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों बच्चे भी गहरे पानी में उतर गए और डूबने लगे।
तालाब के पास मौजूद ग्रामीणों ने जब बच्चों को डूबते हुए देखा तो वे मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला जा सका।
अस्पताल ने मृत घोषित किया
बच्चों को तालाब से निकालने के बाद उन्हें फौरन धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में बच्चों की मौत की खबर सुनते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। तोपचांची थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इनपुट: IANS



