फ्रैंकफर्ट-दिल्ली एयर इंडिया उड़ान में हाईजैक का अलर्ट, जयपुर में हुई इमरजेंसी लैंडिंग
एयर इंडिया की फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान से कथित हाईजैक का सिग्नल मिला। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस सुरक्षा अलर्ट के बाद…
एयर इंडिया की फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान से कथित हाईजैक का सिग्नल मिला। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस सुरक्षा अलर्ट के बाद विमान को दिल्ली के बजाय जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया, जहाँ सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गहन जांच की।
यह घटना एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-2030 में हुई। जब विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के पास पहुँच रहा था, तभी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को एक सुरक्षा अलर्ट मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह "स्क्वॉड 7500" सिग्नल था, जो विमानन जगत में अपहरण या विमान में किसी अवैध हस्तक्षेप की आशंका जताने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय कोड है। पायलट इस गोपनीय कोड का इस्तेमाल ATC को आपात स्थिति की जानकारी देने के लिए करते हैं।
अलर्ट के बाद की कार्रवाई
यह इमरजेंसी सिग्नल सुबह करीब 9 बजे कुछ सेकंड के लिए अहमदाबाद ATC को मिला था। इस संकेत के मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और करीब 9:10 बजे विमान को जयपुर की ओर मोड़ने का निर्णय लिया गया। विमान ने सुबह लगभग 9:45 बजे जयपुर हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।
लैंडिंग के बाद, विमान को हवाई अड्डे के एक अलग-थलग (आइसोलेशन बे) क्षेत्र में ले जाया गया। वहाँ विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने विमान की सघन तलाशी शुरू की। प्रारंभिक जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रक्रिया जारी है।
यात्री और चालक दल सुरक्षित
विमान में सवार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर हवाई अड्डे के टर्मिनल में एक निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में पहुँचा दिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने या किसी अन्य तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। हालांकि, कुछ समय के लिए यात्रियों में चिंता का माहौल देखा गया, जिसे हवाईअड्डा प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों ने संभाल लिया।
फिलहाल जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह अलर्ट क्यों और कैसे प्रसारित हुआ। यह कोई तकनीकी खामी थी, गलती से भेजा गया सिग्नल था या इसके पीछे कोई और कारण था, इसकी जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना के समय तक एयर इंडिया या जयपुर एयरपोर्ट की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
इनपुट: IANS



