JSSC जूनियर इंजीनियर पेपर लीक: परीक्षा कराने वाली एजेंसी का निदेशक मुंबई से गिरफ़्तार
झारखंड में 2022 में हुए जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में एक बड़ी गिरफ़्तारी हुई है। राँची पुलिस की विशेष जाँच टीम (SIT) ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के निदेशक अरुण कुमार को…
झारखंड में 2022 में हुए जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में एक बड़ी गिरफ़्तारी हुई है। राँची पुलिस की विशेष जाँच टीम (SIT) ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के निदेशक अरुण कुमार को मुंबई से पकड़ा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, जाँच में एजेंसी की संलिप्तता के सबूत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
यह मामला झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा 3 जुलाई 2022 को आयोजित परीक्षा से जुड़ा है। उस दिन 1,279 कनीय अभियंता (डिप्लोमा) पदों के लिए परीक्षा होनी थी, लेकिन पहली पाली शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र और उसकी उत्तर कुंजी (answer key) सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद आयोग को परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी।
जाँच में सिंडिकेट का खुलासा
एक अभ्यर्थी मिथलेश कुमार महतो की शिकायत पर 14 जुलाई 2022 को नामकुम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जाँच दल का गठन किया गया, जिसने पेपर लीक होने की पुष्टि की। जाँच में पता चला कि परीक्षा कराने का ज़िम्मा नई दिल्ली स्थित बायनसिस टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया था।
पुलिस के अनुसार, जाँच के दौरान एक संगठित सिंडिकेट का भी पर्दाफ़ाश हुआ। इस सिंडिकेट ने पटना में कुछ अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले ही सवालों के जवाब रटवा दिए थे। जैसे-जैसे जाँच आगे बढ़ी, परीक्षा संचालन एजेंसी और उसके निदेशक अरुण कुमार की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई।
अब तक हुई गिरफ्तारियाँ
पुलिस को सूचना मिली थी कि अरुण कुमार मुंबई में छिपा हुआ है, जिसके बाद राँची पुलिस की एक टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ़्तार कर लिया। अरुण कुमार मूल रूप से नालंदा जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र के खोखुना गाँव का रहने वाला है।
इस मामले में यह छठी बड़ी गिरफ़्तारी है। इससे पहले परीक्षार्थी रंजीत मंडल, सिंडिकेट के सदस्य दीपक कुमार, अभिषेक कुमार, दीपक श्रीवास्तव और एजेंसी के सीनियर मैनेजर कृष्ण कुमार को गिरफ़्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि कुछ अन्य आरोपी अभी भी फ़रार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।
इनपुट: IANS



