जेवर: घर में गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, दो घायल
ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके में एक परिवार के लिए सोमवार का दिन त्रासदी लेकर आया। दयानतपुर गांव में एक घर के भीतर गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी भीषण आग ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि एक महिला और…
ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके में एक परिवार के लिए सोमवार का दिन त्रासदी लेकर आया। दयानतपुर गांव में एक घर के भीतर गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी भीषण आग ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि एक महिला और उसका मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए। इस हादसे में 56 वर्षीय वीरपाल और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 23 नवंबर 2026 को हुई जब घर में रखे गैस सिलेंडर से अचानक गैस लीक होने लगी, जिससे आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद परिवार के सदस्य उसकी चपेट में आ गए। हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक की 22 वर्षीय पत्नी काजल और उनका दो साल का बेटा आदित्य भी आग से झुलस गए।
अस्पताल में भर्ती हैं दो घायल
आग की लपटें देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, मां-बेटे के चेहरे झुलस गए हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण गैस रिसाव ही लग रहा है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



