ओडिशा: बीते तीन सालों में 13 पुलिसकर्मियों पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोप, विधानसभा में सरकार ने दी जानकारी
ओडिशा में पिछले तीन वर्षों के दौरान पुलिस विभाग के 13 अधिकारियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा में यह जानकारी दी…
ओडिशा में पिछले तीन वर्षों के दौरान पुलिस विभाग के 13 अधिकारियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। ये खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब राज्य सरकार महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर पहले से ही विपक्ष के निशाने पर है।
कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद बहिनीपति द्वारा पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री ने यह आँकड़े पेश किए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे सीएम माझी ने बताया कि इन सभी मामलों में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
आरोपियों का पद और कानूनी कार्रवाई
जिन पुलिस अधिकारियों पर ये आरोप लगे हैं, उनमें चार इंस्पेक्टर, तीन सब-इंस्पेक्टर और छह सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) शामिल हैं। ये सभी मामले 2023 से 2025 की अवधि के दौरान के हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीड़ितों की शिकायत के आधार पर छह आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार भी किया गया था।
अन्य मामलों की स्थिति देखें तो तीन पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी किया गया है, जबकि एक आरोपी को अदालत से जमानत मिल चुकी है।
मामलों की मौजूदा स्थिति
मुख्यमंत्री ने सदन को यह भी बताया कि जांच अधिकारियों ने 13 में से नौ मामलों में आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिया है। एक अन्य मामले में, जांच अभी भी लंबित है। वहीं, दो मामलों में पुलिस को अभियोजन के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले, जिसके बाद अदालत में अंतिम रिपोर्ट (क्लोजर रिपोर्ट) दाखिल कर दी गई है। एक अन्य यौन उत्पीड़न के मामले में जांचकर्ताओं ने अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं की है और आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



