अमेठी: प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप, मुख्य आरोपी समेत 10 लोग गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के अमेठी में प्रलोभन देकर कथित तौर पर धर्मांतरण कराने की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ये गिरफ्तारियां कमरौली…
उत्तर प्रदेश के अमेठी में प्रलोभन देकर कथित तौर पर धर्मांतरण कराने की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ये गिरफ्तारियां कमरौली थाना क्षेत्र में स्थानीय निवासियों की शिकायतों के बाद की गईं।
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी एक संगठन 'रिवाइवल चर्च' के जरिए लोगों से संपर्क साध रहे थे। उन पर आरोप है कि वे स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा के अवसरों और अन्य लाभों का लालच देकर लोगों को अपना धर्म बदलने के लिए उकसा रहे थे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद ये गिरफ्तारियां हुईं।
प्रार्थना सभा की आड़ में चल रहा था खेल
अमेठी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवनन टी. ने IANS को बताया कि पुलिस को स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि इलाके में प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने कहा, "सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई है।"
एसपी के अनुसार, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ लोग लगभग 20 से 25 स्थानीय निवासियों की भीड़ को उपदेश दे रहे थे। पुलिस ने मौके से धर्मांतरण से जुड़ी चार किताबें भी बरामद की हैं।
कई राज्यों से जुड़े हैं आरोपी
इस मामले में गिरफ्तार किए गए 10 लोगों में मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ जूलियन भी शामिल है। सरवनन टी. ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में से 5 महाराष्ट्र, 2 उत्तराखंड, 1 आजमगढ़ और 1 ओडिशा के रहने वाले हैं, जबकि एक व्यक्ति अमेठी जिले का ही है। फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है और बरामद सामग्री की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है और आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



