जेवर में 1200 करोड़ की लागत से बनेगा ट्रैक्टर प्लांट, योगी बोले— यूपी का ब्रांड बन चुका है बुलडोजर
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र में औद्योगिक विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक वर्चुअल कार्यक्रम में सीएनएच कंपनी के नए ट्रैक्टर…
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के जेवर क्षेत्र में औद्योगिक विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक वर्चुअल कार्यक्रम में सीएनएच कंपनी के नए ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट की आधारशिला रखी। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-8 में 100 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाले इस अत्याधुनिक प्लांट में करीब 1200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे। अनुमान है कि इससे लगभग 1200 लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा, जबकि सप्लाई चेन और अन्य सहायक गतिविधियों से बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर को निवेश के लिए भारत का 'गहना' बताया। उन्होंने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा क्षेत्र में तेजी से आ रही औद्योगिक परियोजनाओं के कारण यह इलाका भविष्य में एक बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभरेगा।
कानून-व्यवस्था और बुलडोजर ब्रांड
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निवेश बढ़ने का श्रेय बेहतर कानून-व्यवस्था और अपराध के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दिया। उन्होंने कहा, "प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर की कार्रवाई ने यूपी की एक अलग पहचान बनाई है। बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है।" उन्होंने आगे कहा कि जब प्रदेश में बुलडोजर और ट्रैक्टर जैसे उत्पाद बनेंगे तो देश-विदेश में इनकी मांग भी बढ़ेगी।
यूपी की आर्थिक प्रगति के आंकड़े
सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं और 7.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों की जल्द ही ग्राउंड ब्रेकिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यूपी अब बीमारू राज्यों की श्रेणी से निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।
किसानों और कृषि क्षेत्र को लाभ
भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 18.5 प्रतिशत है। इस प्लांट से न केवल औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी। कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने उम्मीद जताई कि प्लांट से जल्द उत्पादन शुरू होने पर किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी समेत सीएनएच कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे।
इनपुट: IANS



