रविवार, 25 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

जापान के बोनिन द्वीप में 6.3 तीव्रता का भूकंप, हाल के दिनों में कई देशों में महसूस हुए झटके

जापान के बोनिन द्वीप में रविवार सुबह भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.3…

जापान के बोनिन द्वीप में 6.3 तीव्रता का भूकंप, हाल के दिनों में कई देशों में महसूस हुए झटके
(फोटो: IANS)

जापान के बोनिन द्वीप में रविवार सुबह भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई। भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस घटना की पुष्टि की।

विज्ञापन

रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र प्रशांत महासागर के क्षेत्र में काफी गहराई में स्थित था। हालांकि, शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। यह घटना हाल के दिनों में इस क्षेत्र में दर्ज की गई भूकंपीय गतिविधियों की श्रृंखला में नवीनतम है।

हाल ही में कई देशों में कांपी धरती

पिछले कुछ दिनों में तिब्बत से लेकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान तक भूकंप के कई मामले सामने आए हैं। बीते गुरुवार को तिब्बत में 7.0 की तीव्रता वाले एक शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई और लगभग 32 लोग घायल हो गए थे।

इसके ठीक बाद शुक्रवार सुबह 5 बजकर 54 मिनट पर तिब्बत में एक बार फिर धरती कांपी। इस बार भूकंप की तीव्रता 4.4 दर्ज की गई और इसका केंद्र सतह से 15 किलोमीटर नीचे था।

पाकिस्तान, अफगानिस्तान और चीन में भी झटके

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शुक्रवार को ही पाकिस्तान में सुबह 4:56 बजे 4.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र 15 किलोमीटर की गहराई में था। वहीं, अफगानिस्तान में सुबह 5:54 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी गहराई 25 किलोमीटर थी।

इसके अलावा, रविवार सुबह 6:05 बजे चीन में भी 4.4 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। NCS ने बताया कि इसका केंद्र 15 किलोमीटर की गहराई पर था। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते तापमान और पिघलते ग्लेशियर जैसी चरम मौसमी घटनाएं चिंगहाई-तिब्बत पठार क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ा सकती हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →