दिल्ली: 'आप' का BJP पर छठ पूजा समितियों पर पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाने का आरोप
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 'आप' के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि दशकों से छठ पूजा का आयोजन कर रहीं समितियों पर भाजपा में शामिल…
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 'आप' के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि दशकों से छठ पूजा का आयोजन कर रहीं समितियों पर भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है और ऐसा न करने पर उन्हें फंड नहीं दिया जा रहा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भारद्वाज ने यह भी कहा कि समितियों के पदाधिकारियों को पद से हटाने की धमकी दी जा रही है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "जो छठ पूजा समितियां दशकों से छठ पूजा कराती आ रही हैं, उन्हें फंड नहीं दिया गया। उनसे कहा गया कि अगर वे भाजपा में आएंगे, तो ही उन्हें फंड मिलेगा। अगर वे भाजपा में आएंगे, तो ही उन्हें छठ समिति में रखा जाएगा, वरना उन्हें निकाल दिया जाएगा।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का मकसद पहले धार्मिक स्थलों पर कब्जा करना और फिर चंदे की चोरी करना है, जैसा राम मंदिर मामले में देखा गया।
यमुना प्रदूषण और दलित युवक की गिरफ्तारी
यमुना नदी में प्रदूषण को लेकर भी सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए के विज्ञापन देकर सरकार ने यमुना साफ करने का दावा किया था, लेकिन एक दलित युवक ने पांच मिनट के वीडियो से सरकार की पोल खोल दी। वीडियो में दिखाया गया था कि यमुना में प्रदूषण के कारण हजारों मछलियां मर गईं। भारद्वाज के अनुसार, सरकार ने प्रदूषण के कारणों की जांच करने के बजाय वीडियो बनाने वाले युवक को ही गिरफ्तार कर लिया, जिसे 'आप' कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप के बाद छोड़ा गया।
भारद्वाज ने चुनौती देते हुए कहा, "मैं ऑन रिकॉर्ड कह रहा हूं कि यमुना प्रदूषित है। जो भी पूर्वांचली भाई-बहन छठ पूजा में अपने बच्चों को वहां ले जाएंगे और अगर बच्चे वहां का पानी पी लेंगे, तो वे बीमार पड़ जाएंगे। प्रवेश वर्मा को जो करना है, वह कर लें। जहां मुकदमा करना है, कर लें। वह अपनी बात से पीछे नहीं हटेंगे।"
दिल्ली की कानून-व्यवस्था और प्रदूषण पर भी साधा निशाना
मोती नगर में एक दुकान के ट्रायल रूम में युवती का शव मिलने की घटना पर भारद्वाज ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था को ध्वस्त बताया। उन्होंने कहा कि शहर में "पूरी तरह जंगलराज है" और दिल्ली पुलिस "मजाक का विषय बन चुकी है।" उन्होंने पुलिस पर सिर्फ रिश्वत और राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाया। इसके अलावा, दिल्ली में एयर प्यूरीफायर की बढ़ती बिक्री को उन्होंने सरकार के AQI आंकड़ों पर जनता के अविश्वास का सबूत बताया। उन्होंने कहा कि लोग सरकार के झूठे आंकड़ों को नहीं मान रहे क्योंकि उन्हें अपनी आंखों से प्रदूषण दिख रहा है।
इनपुट: IANS



