जमशेदपुर: शादी के दबाव में हत्या की बात आरोपी ने कबूली, पुलिस ने नहर से बरामद शव की गुत्थी सुलझाई
झारखंड के जमशेदपुर में एक सप्ताह पहले नहर में मिले एक महिला के शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लेने का दावा किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया…
झारखंड के जमशेदपुर में एक सप्ताह पहले नहर में मिले एक महिला के शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लेने का दावा किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसने कथित तौर पर शादी के लिए बनाए जा रहे दबाव से परेशान होकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि उसने पहचान छिपाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया था।
यह मामला 26 जुलाई की सुबह सामने आया, जब परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल में एक महिला का शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान उनके बेटे घनश्याम सिंह ने 45 वर्षीय किरण देवी के रूप में की, जो जुगसलाई के बंगाली पाड़ा की निवासी थीं।
जांच के लिए बनी थी SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस ने शुरुआत में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया और जांच के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र निवासी दासमत बास्के की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर सामान बरामद
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि किरण देवी उस पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थीं, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक टीवीएस स्कूटी, एक काली टी-शर्ट, एक गुलाबी बैग और एक बैंगनी रंग का ट्राउजर भी बरामद किया है।
इनपुट: IANS



