ईरानी परमाणु केंद्र पर हमले का जवाब? IRGC का बहरीन में अमेज़न डेटा सेंटर और जॉर्डन-कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मध्य-पूर्व में अमेरिकी संपत्तियों पर कई बड़े हमलों का दावा किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने बहरीन में स्थित अमेरिकी…
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने मध्य-पूर्व में अमेरिकी संपत्तियों पर कई बड़े हमलों का दावा किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने बहरीन में स्थित अमेरिकी कंपनी अमेज़न के एक प्रमुख डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर को क्रूज मिसाइलों से नष्ट करने की बात कही है। यह कार्रवाई कथित तौर पर दक्षिणी ईरान में दारखोविन परमाणु केंद्र पर हुए अमेरिकी हमले के जवाब में की गई।
IRGC के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि दक्षिणी ईरान में निर्माणाधीन दारखोविन परमाणु स्थल को सोमवार को एक अमेरिकी सैन्य हमले में नुकसान पहुँचा था। ईरान का कहना है कि यह केंद्र अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) की निगरानी में था। इसी के प्रतिशोध में यह जवाबी कार्रवाई की गई।
बहरीन के अलावा जॉर्डन और कुवैत में भी हमले का दावा
ईरान के इस शक्तिशाली सैन्य बल ने सिर्फ बहरीन में ही नहीं, बल्कि जॉर्डन और कुवैत में भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। फार्स न्यूज एजेंसी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने जॉर्डन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला कर एक मिसाइल रक्षा रडार प्रणाली को तबाह कर दिया और एक सुरक्षित शेल्टर में खड़े F-15 लड़ाकू विमान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
एक अन्य बयान में, IRGC ने कुवैत के अहमद अल-जाबेर एयर बेस पर अमेरिकी वायु रक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण सिस्टम को निशाना बनाने का दावा किया। इनमें शुरुआती चेतावनी रडार, पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और उपग्रह संचार प्रणाली शामिल हैं। IRGC ने चेतावनी दी कि इन रडार प्रणालियों को निष्क्रिय करने के बाद अब दुश्मन को "और अधिक निर्णायक तथा विनाशकारी ड्रोन और मिसाइल हमलों" के लिए तैयार रहना चाहिए।
अमेरिका को क्षेत्र छोड़ने की चेतावनी
अपने बयानों में IRGC ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों के खिलाफ और भी व्यापक मिसाइल एवं ड्रोन हमले करने की धमकी दी है। संगठन ने अमेरिकी सेना से आग्रह किया है कि वह भविष्य में होने वाले नुकसान से बचने के लिए इस क्षेत्र को छोड़ दे।
इनपुट: IANS



