अहमदाबाद: घर के बेसमेंट में चल रही थी ड्रग्स फैक्ट्री, NCB ने दंपती को हिरासत में लिया
गुजरात के अहमदाबाद में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। शहर के सरखेज इलाके में एक घर के बेसमेंट में अवैध रूप से एमडी ड्रग बनाने…
गुजरात के अहमदाबाद में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। शहर के सरखेज इलाके में एक घर के बेसमेंट में अवैध रूप से एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री चलाई जा रही थी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में एक दंपती को हिरासत में लिया गया है, जो पिछले एक महीने से इस काम में लगे थे।
यह कार्रवाई मोहम्मदी पार्क के पास स्थित लैबेक पार्क के एक मकान में की गई। NCB ने जब मकान नंबर 8-213 के तहखाने (बेसमेंट) में छापा मारा, तो वहां से करोड़ों रुपये मूल्य का कच्चा माल बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल ड्रग्स बनाने के लिए किया जा रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह मकान किराए पर लिया गया था।
जांच का दायरा बढ़ा
NCB की जांच में सामने आया है कि दंपती शहर के मुमतपुरा रोड पर 'रतलाम कैफे' नाम से एक कॉफी शॉप भी चलाते हैं। ड्रग नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने के लिए एजेंसी ने अब उनकी कॉफी शॉप पर भी जांच और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि ड्रग्स बनाने के लिए कच्चा माल मध्य प्रदेश से मंगाया जाता था।
एजेंसी के मुताबिक, जिस मकान में यह फैक्ट्री चल रही थी, वहां एम.एम. पठान नाम के व्यक्ति का बोर्ड लगा था, जो पिछले तीन साल से वहीं रह रहा था। घर के मुख्य द्वार पर एक सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ था। NCB की इस कार्रवाई में अब स्थानीय पुलिस भी शामिल हो गई है और मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
अक्टूबर में भी पकड़ा गया था ड्रग्स
यह घटना शहर में ड्रग्स के खिलाफ हुई हालिया कार्रवाइयों में से एक है। इससे पहले अक्टूबर महीने में भी अहमदाबाद के नाना चिलोडा सर्कल के पास से 0.77 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स जब्त की गई थी। उस ड्रग्स को एक पार्सल के जरिए 'पोर्टर' एप्लिकेशन का उपयोग करके भेजा जा रहा था। तब पुलिस ने साबरमती इलाके के रहने वाले 27 वर्षीय व्यवसायी प्रियंग संघवी को गिरफ्तार किया था।
इनपुट: IANS



