यूपी: 25 लाख और युवाओं को मिलेंगे टैबलेट, सीएम योगी ने किया सरकारी नौकरियों का भी ऐलान
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की घोषणा की है। यह ऐलान रविवार को 'जनजातीय गौरव दिवस' के अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना…
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की घोषणा की है। यह ऐलान रविवार को 'जनजातीय गौरव दिवस' के अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ करते हुए किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मौके पर सीएम योगी ने यह भी बताया कि 26 जनवरी तक एक लाख से ज़्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएँगे।
लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और उन्नाव के 53 हज़ार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन पहले ही दिए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य युवाओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
टैबलेट और डिजिटल शिक्षा
मुख्यमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि टैबलेट उनकी पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार की राह को आसान बनाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया, "टैबलेट का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए न करें, बल्कि इसे ज्ञान बढ़ाने और भविष्य बनाने का माध्यम बनाएं।" इन टैबलेट्स में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हज़ार से ज़्यादा पाठ्यक्रमों की मुफ्त डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिसमें योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषय शामिल हैं। इसके अलावा, 'युवा साथी' ऐप के ज़रिए छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और पीएम मुद्रा जैसी कई सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
युवा और रोजगार पर फोकस
सीएम योगी ने प्रदेश की 56 से 60 प्रतिशत युवा आबादी को बोझ नहीं, बल्कि 'डेमोग्राफिक डिविडेंड' बताया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 9.50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने बताया कि 8 हजार लेखपालों और 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी हो चुकी है और अगले दस दिनों में 42 हजार होमगार्डों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। सीएम ने पिछली सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भर्ती निकलते ही "चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी" और आज भर्तियां पूरी पारदर्शिता से हो रही हैं।
कानून-व्यवस्था और निवेश का माहौल
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अपराध के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति ने प्रदेश की पहचान बदल दी है। उन्होंने कहा, "आज यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा है और सब चंगा है।" उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल बना है और 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। सीएम योगी के मुताबिक, रक्षा उत्पादन क्षेत्र में बढ़ते निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्टार्टअप्स की संख्या 2017 में 120 से बढ़कर आज 25 हजार से ज़्यादा हो गई है।
इनपुट: IANS



