भारत-अमेरिका व्यापार समझौता: भारतीय सामान को अमेरिकी बाज़ार में मिल सकती है विशेष रियायत
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement) को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया है कि इस डील के तहत भारतीय…
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement) को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया है कि इस डील के तहत भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाजार में अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में ज़्यादा तरजीह मिलेगी, यानी उन पर कम शुल्क लग सकता है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, गोयल ने यह बात मिस्र की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही।
गोयल ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व, यानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच पहले ही सहमति बन चुकी थी। उन्होंने कहा, "जब कुछ महीने पहले भारत-अमेरिका ट्रेड डील फ्रेमवर्क की घोषणा हुई थी, तो राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच पहले ही सहमति बन चुकी थी कि भारत को अमेरिका में प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम शुल्क के साथ तरजीही व्यापार पहुंच मिलेगी।"
समझौते की मौजूदा स्थिति
भारत और अमेरिका ने इस साल फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के ढांचे को अंतिम रूप दे दिया था। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना और एक-दूसरे के लिए बाजार का विस्तार करना है। हालांकि, अमेरिकी शुल्क व्यवस्था में हो रहे बदलावों के कारण शुरुआती समझौते पर हस्ताक्षर होने में कुछ देरी हुई है और बातचीत का दौर जारी है।
रियायतों पर बातचीत जारी
कुछ दिन पहले एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने भी यह जानकारी दी थी कि वाशिंगटन ने प्रस्तावित समझौते में भारत को दूसरे देशों के मुकाबले शुल्क में तुलनात्मक लाभ देने का आश्वासन दिया है। दोनों पक्ष मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारी के अनुसार, शुल्क में रियायतों की अंतिम सीमा इस बात पर निर्भर करेगी कि बातचीत के बाद दोनों देश किस फ्रेमवर्क पर सहमत होते हैं। फिलहाल, पहले चरण के साथ-साथ एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भी चर्चा चल रही है।
इनपुट: IANS



