इंडोनेशिया: 243 लोगों से भरा जहाज 'वर्गो ट्रांसपोर्ट-8' जावा सागर में लापता, बड़े पैमाने पर खोज अभियान जारी
इंडोनेशिया के जावा सागर में 243 लोगों को लेकर जा रहा एक जहाज 'वर्गो ट्रांसपोर्ट-8' खराब मौसम का सामना करने के बाद लापता हो गया है। इंडोनेशिया की खोज और बचाव एजेंसी (बसारनास) ने जहाज का पता लगाने के…
इंडोनेशिया के जावा सागर में 243 लोगों को लेकर जा रहा एक जहाज 'वर्गो ट्रांसपोर्ट-8' खराब मौसम का सामना करने के बाद लापता हो गया है। इंडोनेशिया की खोज और बचाव एजेंसी (बसारनास) ने जहाज का पता लगाने के लिए एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, यह जहाज शनिवार को सुराबाया से बांजारमासिन के लिए रवाना हुआ था।
रविवार तड़के लगभग 2 बजे जहाज से संपर्क टूट गया, जिसके बाद बचाव टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया। बांजारमासिन सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख आई पुतु सुदायाना ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जहाज की आखिरी लोकेशन बांजारमासिन के बसिरिह एसएआर जेट्टी से करीब 80 समुद्री मील दूर दर्ज की गई थी।
तलाश के लिए भेजी गईं टीमें
पुतु सुदायाना, जो इस बचाव अभियान के कोऑर्डिनेटर भी हैं, ने बताया कि पीटी वर्गो के जनरल मैनेजर योएल रिही ने रविवार सुबह 04:10 बजे जहाज के संपर्क टूटने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को जहाज की अंतिम ज्ञात लोकेशन पर भेज दिया गया। उन्होंने कहा, "इस अभियान में ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों और संसाधनों को लगाया जा रहा है।"
अधिकारियों के अनुसार, जहाज शनिवार को 10:13 जीएमटी पर सुराबाया से निकला था, लेकिन अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच सका। सुदायाना ने जोर देकर कहा कि जहाज में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा इस अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खोज अभियान को तेज करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



