IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या: प्रोफेसर से 8 घंटे की लंबी पूछताछ, निदेशक को भी समन की तैयारी
मुंबई के प्रतिष्ठित संस्थान IIT बॉम्बे में छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या का मामला गहराता जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने संस्थान…
मुंबई के प्रतिष्ठित संस्थान IIT बॉम्बे में छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या का मामला गहराता जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने संस्थान के एक प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से करीब 8 घंटे तक लंबी पूछताछ की है। साहिल के माता-पिता ने प्रोफेसर पर अपने बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
पूछताछ के दौरान प्रोफेसर डूला ने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया। क्राइम ब्रांच ने उनसे साहिल की मौत से पहले हुई घटनाओं और छात्र के साथ उनकी बातचीत को लेकर कई सवाल पूछे। यह पूरा मामला 18 सितंबर का है, जब एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक के दूसरे वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे पवई स्थित कैंपस में अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके मिले थे।
जांच का दायरा बढ़ा, अब तक 50 बयान दर्ज
क्राइम ब्रांच अब इस मामले में IIT बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे को भी समन भेजकर उनका बयान दर्ज करने की तैयारी में है। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस परीक्षा हॉल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि साहिल की गतिविधियों और मौत से पहले के घटनाक्रम को समझा जा सके। IANS के मुताबिक, इस मामले में साहिल के माता-पिता और सहपाठियों समेत अब तक कुल 50 लोगों के बयान लिए जा चुके हैं।
न्याय के लिए भूख हड़ताल पर बैठे माता-पिता
वहीं, अपने बेटे के लिए न्याय की मांग करते हुए साहिल के माता-पिता पिछले 6 दिनों से मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि एफआईआर में नामित प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला और निदेशक शिरीष केदारे को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने अपनी हड़ताल तब तक जारी रखने का संकल्प लिया है, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। इससे पहले साहिल के पिता रवींद्र की शिकायत पर पवई पुलिस ने प्रोफेसर डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था।
इनपुट: IANS



