शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
बिहार

बिहार MLC चुनाव: नीरज कुमार ने दिखाया 'विक्ट्री' का निशान, तो अनंत सिंह बोले- ये रसगुल्ले वाला चुनाव नहीं

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट के लिए शुक्रवार को हुए मतदान के दौरान राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। एक तरफ जहां NDA समर्थित जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने अपनी जीत को लेकर आत्मविश्वास दिखाते हुए…

बिहार MLC चुनाव: नीरज कुमार ने दिखाया 'विक्ट्री' का निशान, तो अनंत सिंह बोले- ये रसगुल्ले वाला चुनाव नहीं
(फोटो: IANS)

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट के लिए शुक्रवार को हुए मतदान के दौरान राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। एक तरफ जहां NDA समर्थित जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने अपनी जीत को लेकर आत्मविश्वास दिखाते हुए 'विक्ट्री' का निशान बनाया, वहीं दूसरी ओर मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी के पक्ष में जीत का दावा किया।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग शुरू हुई। मतदान के लिए निकलने से पहले जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने मीडिया के सामने दो उंगलियों से जीत का संकेत दिया। इस सीट पर मुख्य मुकाबला उन्हीं के और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के बीच माना जा रहा है।

अनंत सिंह का अनुज सिंह को समर्थन

इस चुनाव में एक दिलचस्प मोड़ यह है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह, जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अनुज सिंह पूर्ण बहुमत से जीत रहे हैं। चुनाव को लेकर अपने खास अंदाज में टिप्पणी करते हुए अनंत सिंह ने कहा, "यह रसगुल्ला वाला चुनाव नहीं है। जनता मालिक है, भगवान है, और हमारी जीत होगी। जीत किसी दुकान में नहीं मिलती, वह जनता के पास है।"

चुनाव में धांधली की आशंकाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह जनता का वोट है और कोई बेईमानी नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी ने ऐसा करने की कोशिश की तो जनता खुद जवाब देगी। अनंत सिंह ने यह भी साफ किया कि चुनाव को लेकर कहीं कोई तनाव का माहौल नहीं है।

वरिष्ठ नेता की अपील पर क्या बोले अनंत?

जब उनसे पूछा गया कि जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह ने एक वीडियो जारी कर नीरज कुमार को वोट देने की अपील की है, तो अनंत सिंह ने संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "मैंने मोबाइल पर देखा कि वशिष्ठ नारायण सिंह बीमार हैं... वह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनकी बात पर कोई टिप्पणी नहीं करनी है।" हालांकि, इस बयान के तुरंत बाद भी उन्होंने अनुज सिंह की जीत का अपना दावा दोहराया।

इनपुट: IANS

N

News4Social बिहार डेस्क

News4Social बिहार डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से बिहार से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →