पुलिस हिरासत के बाद विधायक हुमायूं कबीर का ऐलान, बोले- अब विधानसभा नहीं जाऊंगा
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में उपचुनाव के दौरान 12 घंटे तक पुलिस हिरासत में रखे जाने से नाराज विधायक हुमायूं कबीर ने विधानसभा की कार्यवाही से दूर रहने का ऐलान किया है। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप…
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में उपचुनाव के दौरान 12 घंटे तक पुलिस हिरासत में रखे जाने से नाराज विधायक हुमायूं कबीर ने विधानसभा की कार्यवाही से दूर रहने का ऐलान किया है। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह आम लोगों पर हो रहे अत्याचार का विरोध नहीं कर पाए, इसलिए वह विधानसभा और उसकी समितियों की बैठकों में शामिल नहीं होंगे।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विधायक ने पुलिस प्रशासन पर आम लोगों को झूठे केसों में फंसाने, लूटपाट करने और उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। कबीर ने कहा, “मंगलवार को उपचुनाव के समय से ही पुलिस ने आम आदमी और वोटरों के साथ जो बदतमीजी की, वह बर्दाश्त नहीं हो रही है। लेकिन मैं इसका प्रतिकार नहीं कर पाया, इसके लिए मैं रेजिनगर की जनता से माफी मांगता हूं।”
हिरासत के दौरान क्या हुआ?
विधायक ने अपने हिरासत के अनुभव के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, “पुलिस वाला जो मुझे रात 8 बजे ले गया, उसने मेरा फोन ले लिया और मुझे एक अलग घर में बैठाकर रखा। मैंने पूरा सहयोग किया।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिरासत के दौरान उनके साथ कोई बदसलूकी या गलत बात नहीं की गई। उन्होंने बताया, “पुलिस वालों ने अंदर जो 12 घंटे रखा, इज्जत से बात की। बार-बार पूछा कि क्या जरूरत है, क्या खाएंगे... सब कुछ किया।”
हालांकि, रिहाई के समय दी गई एक सलाह पर उन्होंने आपत्ति जताई। हुमायूं कबीर के अनुसार, “रिलीज होने के समय उन्होंने कहा कि जुबान संभाल कर चलनी चाहिए। कोई पुलिस वाला मुझे बताएगा कि मैं क्या बोलूंगा और क्या नहीं, यह मैं नहीं मानूंगा।”
विधानसभा से दूरी, राजनीति नहीं छोड़ी
हुमायूं कबीर ने कहा कि पुलिस की कथित 'लूटपाट' और 'जबरदस्ती' के विरोध में वह विधानसभा से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं विधानसभा का सदस्य रहूंगा, लेकिन विधानसभा नहीं जाऊंगा, न ही किसी कमेटी की मीटिंग में शामिल होऊंगा।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जब मुख्यमंत्री सदन में नहीं होंगी, तब वह जा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने राजनीति छोड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने अभी ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है।
इनपुट: IANS



