होरमुज़ जलडमरूमध्य में तनाव: ईरान ने जहाजों को दी चेतावनी, नौसैनिक सुरंग से टकराकर तीसरे टैंकर में लगी आग
फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग, होरमुज़ जलडमरूमध्य में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इस क्षेत्र से गुज़रने…
फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग, होरमुज़ जलडमरूमध्य में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इस क्षेत्र से गुज़रने वाले जहाजों को सख्त चेतावनी जारी की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने कहा है कि जो भी जहाज अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम को बंद करेंगे, उन्हें दुश्मन माना जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह चेतावनी उस घटनाक्रम के बाद आई है जब रविवार को 7.5 लाख बैरल कच्चा तेल ले जा रहा एक और तेल टैंकर नौसैनिक सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। IRGC नौसेना के अनुसार, इस टैंकर ने चेतावनियों को नज़रअंदाज़ करते हुए एक अनधिकृत रास्ते से गुज़रने की कोशिश की थी, जिसके बाद यह हादसा हुआ। यह इस क्षेत्र में तेल टैंकर में विस्फोट की तीसरी घटना बताई जा रही है।
लगातार हो रही हैं घटनाएं
ईरान की मेहर न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आई हैं। रविवार की घटना से एक दिन पहले, शनिवार को भी IRGC नौसेना ने दावा किया था कि नियमों का उल्लंघन करने वाला एक सुपरटैंकर धमाके का शिकार हो गया। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, नौसेना ने अपने आधिकारिक समाचार मंच सेपाह न्यूज़ पर बताया कि कच्चा तेल ले जा रहे इस जहाज ने अपनी नेविगेशन और जीपीएस प्रणालियां बंद कर रखी थीं और एक उच्च-जोखिम वाले क्षेत्र से गुज़र रहा था।
इससे भी एक दिन पहले, शुक्रवार को IRGC नौसेना ने 'एनवी सनशाइन' नामक एक बड़े एलपीजी (तरलीकृत पेट्रोलियम गैस) टैंकर को निशाना बनाने की बात कही थी। नौसेना के मुताबिक, यह जहाज भी जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से से एक 'गैरकानूनी' रास्ते का इस्तेमाल कर रहा था।
क्या है ईरान की चेतावनी?
इन घटनाओं के बीच, IRGC नौसेना ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। नौसेना प्रमुख अली अजमाई ने कहा, "होरमुज़ स्ट्रेट में जो जहाज अपने नेविगेशन और पहचान सिस्टम को बंद कर देंगे, उन्हें दुश्मन माना जाएगा।" IRGC ने यह भी चेतावनी दी है कि ईरान के नियमों की अनदेखी करने वाले किसी भी तेल टैंकर का यही हश्र हो सकता है।
इनपुट: IANS



