दिल्ली लक्ष्मी योजना: 26 अगस्त से महिलाओं को मिलेंगे स्वीकृति पत्र, 1 सितंबर से खातों में आएगी राशि
दिल्ली की लाखों महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। सरकार की महत्वाकांक्षी 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' के तहत मासिक आर्थिक सहायता के लिए स्वीकृति पत्रों का वितरण 26 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। समाचार एजेंसी…
दिल्ली की लाखों महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। सरकार की महत्वाकांक्षी 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' के तहत मासिक आर्थिक सहायता के लिए स्वीकृति पत्रों का वितरण 26 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दिन तालकटोरा स्टेडियम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहाँ से इस प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत होगी।
इस योजना के तहत आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1 सितंबर से सीधे पैसे आने शुरू हो जाएँगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान इस योजना की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा के अलावा जिला-स्तरीय मंजूरी, निगरानी और शिकायत निवारण समितियों (DLAMGRC) के अध्यक्ष और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
पंजीकरण के प्रति महिलाओं में भारी उत्साह
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि योजना के प्रति महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना शुरू होने के महज़ 18 दिनों के भीतर ही इसके आधिकारिक पोर्टल पर लगभग आठ लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से पाँच लाख से ज़्यादा आवेदन जमा भी हो चुके हैं। समिति ने इतने कम समय में हुए इस काम की सराहना की।
पारदर्शिता और तेज़ी पर मुख्यमंत्री का ज़ोर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिला-स्तरीय समितियों की भूमिका को योजना की सफलता के लिए बेहद अहम बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर आवेदन की बारीकी से जाँच और निगरानी की जाए ताकि किसी भी योग्य महिला को लाभ पाने में अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा, "सत्यापन की प्रक्रिया जितनी तेज़ी से पूरी होगी, मामलों का निपटारा उतनी ही जल्दी होगा और महिलाओं को पेंशन देने में भी तेज़ी आएगी।"
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आवेदनों में किसी भी तरह की संदिग्ध जानकारी पाए जाने पर उसकी गहनता से जाँच होनी चाहिए, जिसमें स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की भी मदद ली जाए। सरकार जल्द ही पोर्टल पर एक ऐसी सुविधा भी शुरू करने जा रही है, जिससे जिन महिलाओं ने अपने आवेदन में कोई गलत या अधूरी जानकारी भर दी है, वे उसमें सुधार कर सकेंगी।
इनपुट: IANS



