कनाडा: ओंटारियो के जंगलों की आग ने टोरंटो-ओटावा की हवा को बनाया ज़हरीला, रेल सेवाएं रुकीं
कनाडा के उत्तर-पश्चिमी ओंटारियो में लगी भीषण जंगली आग के कारण देश के कई बड़े शहरों में हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक गिर गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी ओटावा और देश के सबसे
कनाडा के उत्तर-पश्चिमी ओंटारियो में लगी भीषण जंगली आग के कारण देश के कई बड़े शहरों में हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक गिर गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी ओटावा और देश के सबसे बड़े शहर टोरंटो में धुएं का गुबार छा गया है, जिससे आसमान पीला पड़ गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि हवा के मौजूदा रुख को देखते हुए यह स्थिति कई दिनों तक बनी रह सकती है।
बुधवार को टोरंटो का वायु गुणवत्ता सूचकांक दुनिया के बड़े शहरों में सबसे खराब दर्ज किया गया। 'एनवायरनमेंट कनाडा' द्वारा जारी आंकड़ों में शहर के वायु गुणवत्ता स्वास्थ्य सूचकांक (Air Quality Health Index) को 'बहुत ज्यादा गंभीर' श्रेणी में रखा गया। इसी तरह, ओटावा में भी जंगल की आग से उठे धुएं और नमी के चलते एयर क्वालिटी अलर्ट जारी किया गया। अधिक नमी के कारण धुएं के कण हवा में ही फंस गए हैं।
ट्रेन के बगल में धधकती आग
इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें ओंटारियो के आर्मस्ट्रांग के पास एक कनाडाई नेशनल (सीएन) ट्रेन भयंकर आग की लपटों के बीच से गुजरती दिख रही है। सोमवार देर रात एक लोकोमोटिव क्रू सदस्य द्वारा रिकॉर्ड किए गए इस फुटेज में ट्रेन के दोनों ओर जंगल में ऊंची लपटें उठती नजर आ रही हैं। सीएन ने बुधवार को वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रेन के चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद सीएन ने प्रभावित हिस्से में ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है। वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी ओंटारियो में 100 से ज्यादा जगहों पर आग अब भी सक्रिय है, जिसके चलते कई इलाकों से लोगों को आपातकालीन तौर पर निकालना पड़ा है।
जलवायु परिवर्तन का असर
विशेषज्ञों का कहना है कि कनाडा में पिछले पांच वर्षों में खराब मौसम की घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि हुई है। देश वैश्विक औसत की तुलना में दोगुनी से भी अधिक तेजी से गर्म हो रहा है, जबकि कैनेडियन आर्कटिक क्षेत्र में यह दर लगभग तीन गुना है। बड़े पैमाने पर जंगल की आग, सूखा और बाढ़ जैसी घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि कनाडा की जलवायु बदल रही है।
इनपुट: IANS



