आंध्र प्रदेश: राजमार्ग के लिए मंदिर हटाने पर विवाद, सरकार बोली- तोड़फोड़ नहीं, सहमति से स्थानांतरण हुआ
आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में एक मंदिर को हटाए जाने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। जहां विपक्षी दलों ने इसे सदियों पुराने मंदिर का विध्वंस और हिंदुओं की आस्था पर हमला बताया है, वहीं राज्य सरकार…
आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में एक मंदिर को हटाए जाने पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। जहां विपक्षी दलों ने इसे सदियों पुराने मंदिर का विध्वंस और हिंदुओं की आस्था पर हमला बताया है, वहीं राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह तोड़फोड़ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार के लिए एक सुनियोजित स्थानांतरण था। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई सभी संबंधित पक्षों की सहमति से की गई है।
मामला कडप्पा जिले के अंजनेयपुरम में स्थित अभय अंजनेय स्वामी मंदिर से जुड़ा है, जिसे राष्ट्रीय राजमार्ग 716 के चौड़ीकरण के लिए हटाया गया है। सरकार के फैक्ट-चेक विंग ने आधिकारिक तौर पर बताया कि मंदिर को ध्वस्त किए जाने की अफवाहें झूठी हैं। बयान में कहा गया कि मंदिर के स्थानांतरण पर कई महीनों से चर्चा चल रही थी।
सरकार का पक्ष और पुनर्स्थापना योजना
सरकार के मुताबिक, पास में ही एक नया मंदिर बनाने के लिए 50 सेंट जमीन आवंटित की गई है। राजमार्ग निर्माण के लिए मंदिर की 10 सेंट जमीन का अधिग्रहण किया गया, जिसके बदले में इस साल 1 अगस्त को मंदिर के कार्यकारी अधिकारी के खाते में 59.3 लाख रुपये जमा किए गए थे। यह भी स्पष्ट किया गया कि ग्रामीणों, भक्तों, पुजारियों और बंदोबस्ती विभाग के अधिकारियों की सहमति के बाद ही मूर्तियों को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। दो दिन पहले, पुजारियों ने विधिवत अनुष्ठान करके मुख्य देवता को मंदिर से बाहर निकाला और पास में ही सरकार द्वारा दी गई जमीन पर बने एक अस्थायी ढांचे में स्थापित कर दिया।
विपक्ष ने की कड़ी निंदा
इस कार्रवाई की परिवर्तन राजनीति पार्टी के अध्यक्ष वी. विजयसाई रेड्डी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि यह मंदिर सदियों पुराना था और इसमें भगवान अंजनेय स्वामी की स्वयंभू प्रतिमा थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर 500 मीटर का मोड़ बनाना संभव था तो मंदिर को क्यों ध्वस्त किया गया? रेड्डी ने इसके लिए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जनता अपने धर्म के इस अपमान को माफ नहीं करेगी।
इससे पहले सोमवार को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) और उसके अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने भी इस घटना की आलोचना की थी। उन्होंने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर हमला बताते हुए तोड़फोड़ का एक वीडियो भी पोस्ट किया था। जगन ने चंद्रबाबू नायडू सरकार पर पवित्र संरचनाओं को लगातार नष्ट करने का आरोप लगाया।
इनपुट: IANS



