SSC ने स्टेनोग्राफर के 320 पदों के लिए मांगे आवेदन, जानें कब और कैसे करें अप्लाई
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने ग्रेड 'सी' स्टेनोग्राफर के पदों पर भर्ती के लिए एक सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा की घोषणा की है। सरकारी नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कुल…
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने ग्रेड 'सी' स्टेनोग्राफर के पदों पर भर्ती के लिए एक सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा की घोषणा की है। सरकारी नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कुल 320 रिक्तियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।
यह भर्ती अभियान 2026 की सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (Limited Departmental Competitive Examination) के तहत चलाया जा रहा है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 8 दिसंबर, रात 11 बजे तक है। इच्छुक उम्मीदवार SSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
किन विभागों में कितनी रिक्तियाँ?
आयोग द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार, सबसे अधिक 287 पद केंद्रीय सचिवालय आशुलिपिक सेवा (CSSS) में हैं। इसके अलावा, अन्य विभागों में रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है:
- सशस्त्र बल मुख्यालय आशुलिपिक सेवा (AFHQ): 14 पद
- रेलवे बोर्ड सचिवालय आशुलिपिक सेवा (रेल मंत्रालय): 8 पद
- भारतीय विदेश सेवा शाखा (बी) स्टेनोग्राफर (विदेश मंत्रालय): 8 पद
- केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC): 2 पद
- भारत निर्वाचन आयोग आशुलिपिक सेवा (ECI): 1 पद
आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियाँ
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उम्मीदवारों को कुछ ज़रूरी कदम उठाने होंगे। आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी (प्रिंटआउट) को सभी संबंधित दस्तावेज़ों के साथ डाक द्वारा भेजना अनिवार्य है।
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 8 दिसंबर (रात 11 बजे तक)
- आवेदन की हार्ड कॉपी भेजने का पता: 'क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी चयन आयोग (उत्तरी क्षेत्र), ब्लॉक संख्या 12, सी.जी.ओ. कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003'
- हार्ड कॉपी पहुँचने की अंतिम तिथि: 22 दिसंबर (शाम 6 बजे तक)
- दूरस्थ क्षेत्रों के लिए अंतिम तिथि: विदेश, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए आवेदन की हार्ड कॉपी पहुँचने की अंतिम तिथि 29 दिसंबर (शाम 6 बजे तक) है।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा
SSC के अनुसार, योग्य उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में होगा: कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), आशुलिपि कौशल परीक्षा (Stenography Skill Test) और सेवा अभिलेखों का मूल्यांकन। आयोग ने बताया है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित होने की संभावना है। चयनित होने पर वेतनमान एसएससी के नियमों के अनुसार दिया जाएगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन देखने की सलाह दी गई है।
इनपुट: IANS



